Sunday, September 27, 2026
Home National खतरनाक कैमिकल से लदा लाइबेरियाई कंटेनर जहाज डूबा, तटवर्ती इलाकों में अलर्ट...

खतरनाक कैमिकल से लदा लाइबेरियाई कंटेनर जहाज डूबा, तटवर्ती इलाकों में अलर्ट जारी

कोच्चि, केरल। अरब सागर के कोच्चि तट के पास समुद्री सुरक्षा को लेकर एक बड़ा खतरा मंडरा रहा है। लाइबेरियाई कंटेनर जहाज ‘MSC ELSA 3’ समुद्र में डूब गया है, जिसमें लदे कंटेनरों में से 13 कंटेनरों में अत्यंत खतरनाक रसायन मौजूद थे। इन रसायनों में प्रमुख रूप से कैल्शियम कार्बाइड शामिल है, जो पानी के संपर्क में आने पर तेज ज्वलनशील एसिटिलीन गैस छोड़ता है।

प्रशासन के अनुसार, गैस का रिसाव आग लगने या विस्फोट जैसी घटनाओं का कारण बन सकता है। यही नहीं, जहाज में टनभर तेल और समुद्री ईंधन भी था, जिसके लीक होने की पुष्टि की जा चुकी है। इससे तटीय पारिस्थितिकी तंत्र और मछली पालन व्यवसाय को बड़ा नुकसान पहुंचने की आशंका है।

राज्य सरकार और तटीय सुरक्षा एजेंसियों ने समुद्री निगरानी तेज कर दी है और पूरे कोच्चि तट को हाई अलर्ट पर रखा गया है। जहाज में मौजूद 643 कंटेनरों में से कई अब बहते हुए समुद्र में फैल गए हैं, जो 3 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से किनारे की ओर बढ़ रहे हैं।

जनता को चेतावनी दी गई है कि कोई भी व्यक्ति इन बहते कंटेनरों या समुद्र किनारे पर बहकर आए मलबे को छुए नहीं और न ही उठाए, क्योंकि इनमें से कई में रसायनिक खतरे छिपे हो सकते हैं। यह भी बताया गया है कि जहाज का सामान कस्टम क्लीयरेंस के बिना था, अतः इसे उठाना गैरकानूनी और दंडनीय है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने उच्चस्तरीय बैठक कर सभी तटीय जिलों में निगरानी बढ़ाने और आमजन को जागरूक करने के निर्देश दिए हैं।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here