Indore Accident : इंदौर। इंदौर के रावजी बाजार थाना क्षेत्र में सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। सोनकर धर्मशाला के पास रात करीब 2 बजे एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े एक पैसेंजर ऑटो और एक चाय की गुमटी को टक्कर मार दी, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
Indore Accident : जानकारी के मुताबिक, कार क्रमांक MP09-BF-2917 जूनी इंदौर की ओर से तेज गति में आ रही थी। अचानक कार अनियंत्रित हो गई और उसने सड़क किनारे खड़े पैसेंजर ऑटो को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि ऑटो पलट गया। ऑटो को टक्कर मारने के बाद भी कार नहीं रुकी और पास ही स्थित चाय की गुमटी में जा घुसी, जिससे गुमटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
Indore Accident : हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन दुर्घटना के बाद कार चालक अपना वाहन छोड़कर मौके से तुरंत फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही रावजी बाजार थाने के बीट पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और यातायात को सुचारु करने की व्यवस्था की।
Indore Accident : सबसे राहत की बात यह रही कि दुर्घटना के समय ऑटो में कोई सवारी मौजूद नहीं थी और चाय की गुमटी भी बंद थी। इस कारण इतनी भीषण टक्कर के बावजूद किसी प्रकार की जनहानि या चोट की खबर नहीं है। पुलिस ने तत्काल क्रेन बुलवाकर क्षतिग्रस्त कार को हटवाया और उसे थाने ले जाया गया।
Indore Accident : डीसीपी आनंद कलादगी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि कार चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस को प्रारंभिक जांच में आशंका है कि वाहन चलाते समय चालक से ब्रेक की जगह एक्सीलरेटर दब गया होगा, जिससे यह दुर्घटना हुई। पुलिस अब फरार चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है ताकि उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।











