Kyoti Waterfall Suicide Attempt : रीवा (विकास बघेल)। विंध्य के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल क्योंटी वाटरफॉल (Kyoti Waterfall) में बुधवार को खाकी का मानवीय और सूझबूझ भरा चेहरा देखने को मिला। गढ़ थाना पुलिस ने अपनी सक्रियता से दो अलग-अलग युवतियों को सुसाइड पॉइंट से रेस्क्यू कर उन्हें आत्मघाती कदम उठाने से रोक लिया। पुलिस की इस तत्परता की अब पूरे जिले में सराहना हो रही है।
37 सेकंड का खौफनाक वीडियो: बातों में उलझाकर बचाया
पहली घटना में एक युवती वॉटरफॉल के सुसाइड पॉइंट पर बिल्कुल किनारे खड़ी थी। उसका एक 37 सेकंड का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह छलांग लगाने ही वाली थी।
-
पुलिस की रणनीति: सूचना मिलते ही गढ़ थाना प्रभारी अवनीश मिश्रा और उनकी टीम मौके पर पहुँची। पुलिस ने बिना देरी किए युवती की ‘काउंसलिंग’ शुरू की।
-
ब्रेन वॉश और रेस्क्यू: पुलिस कर्मियों ने बड़ी ही चतुराई से युवती को बातों में उलझाए रखा और उसका ध्यान भटकाया। जैसे ही मौका मिला, पुलिस ने तेजी से उसे पकड़कर सुरक्षित स्थान पर खींच लिया।
दूसरी घटना: मोबाइल लोकेशन ने बचाई जान
वहीं दूसरी घटना में, एक अन्य युवती के परिजनों ने उसके गुम होने की सूचना पुलिस को दी थी।
-
साइबर सेल की मदद: गढ़ पुलिस ने तत्काल साइबर टीम की मदद से युवती का मोबाइल ट्रेस किया।
-
लोकेशन ट्रेस: मोबाइल की लोकेशन क्योंटी वॉटरफॉल के ठीक उसी खतरनाक सुसाइड पॉइंट पर मिली। लोकेशन मिलते ही पुलिस बल मौके पर दौड़ा और युवती के आत्मघाती कदम उठाने से पहले ही उसे अपनी अभिरक्षा में ले लिया।
थाना प्रभारी की अपील
गढ़ थाना प्रभारी अवनीश मिश्रा ने बताया कि दोनों युवतियों को थाने लाकर उनकी काउंसलिंग की गई और उनके परिजनों को बुलाकर सुरक्षित सुपद कर दिया गया है। उन्होंने आम जन से अपील की है कि जीवन अनमोल है, किसी भी समस्या का समाधान आत्महत्या नहीं है।
अवनीश मिश्रा, थाना प्रभारी गढ़ > “हमें सूचना मिली थी कि क्योंटी फॉल पर युवतियां संदिग्ध अवस्था में हैं। टीम ने मौके पर पहुंचकर सूझबूझ दिखाई। एक युवती को बातों में उलझाकर रेस्क्यू किया गया, वहीं दूसरी को साइबर लोकेशन की मदद से समय रहते ढूंढ लिया गया। दोनों अब सुरक्षित हैं।”











