Bhopal BJP : भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के पितृ पुरुष माने जाने वाले कुशाभाऊ ठाकरे और पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा की पुण्यतिथि पर रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने दोनों महापुरुषों की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। मीडिया से चर्चा करते हुए प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि ठाकरे जी और पटवा जी जैसे मनीषियों ने अपने रक्त-पसीने से पार्टी को सींचकर खड़ा किया है। उनके दिखाए मार्ग पर चलकर ही आज संगठन इस शिखर पर पहुँचा है।
किसानों के मुद्दे पर बात करते हुए खंडेलवाल ने भावांतर भुगतान योजना की सराहना की। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने भावांतर योजना लागू कर एक साहसिक और ऐतिहासिक निर्णय लिया है, जिससे प्रदेश के लाखों किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल रहा है। आज जारी होने वाली भावांतर की राशि पर खुशी जताते हुए उन्होंने कहा कि यह योजना देशभर में मध्यप्रदेश की एक विशिष्ट पहचान है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कृषि मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में सरकार निरंतर किसान कल्याण के संकल्प को पूरा कर रही है।













