खैरागढ़। Khairagarh Accident : सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान चलाए जाने के बावजूद हादसों पर लगाम नहीं लग पा रही है। बड़ा हादसा छिंदारी डेम के पास हुआ, जहां तेंदूपत्ता तोड़कर लौट रहे मजदूरों से भरी माजदा वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी।
Khairagarh Accident : इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को खबर दी। प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर घायलों को बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
हादसा कितना गंभीर था, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि माजदा वाहन गहरी खाई में पूरी तरह पलट गई थी। घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है और उनका इलाज खैरागढ़ के अस्पताल में जारी है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक तौर पर माना जा रहा है कि वाहन की रफ्तार तेज थी और मोड़ पर ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा।
गौरतलब है कि खैरागढ़ जिले में तेंदूपत्ता तोड़ाई का सीजन चल रहा है और रोजाना बड़ी संख्या में ग्रामीण मजदूर जंगलों में जाते हैं। ऐसे में इस तरह के हादसों को रोकने के लिए प्रशासन और वन विभाग को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है।













