Kanker News: कांकेर। जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। थाना बांदे क्षेत्र के ग्राम कन्हारगांव के जंगल-पहाड़ी इलाके में संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया एक डम्प बरामद किया गया। डम्प से डेटोनेटर, बारूद से भरे स्टील टिफिन सहित अन्य नक्सल सामग्री जब्त की गई। बरामद विस्फोटक पदार्थों को सुरक्षा की दृष्टि से मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार 25 अगस्त को कन्हारगांव जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में जिला बल, बीएसएफ एवं बीडीएस टीम द्वारा संयुक्त रूप से सघन सर्चिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान सुरक्षा बलों को नक्सल डम्प का पता चला।
बरामद सामग्री में 40 डेटोनेटर, लगभग 10 लीटर क्षमता का बारूद से भरा एक स्टील टिफिन तथा लगभग 5 लीटर क्षमता का बारूद से भरा एक अन्य स्टील टिफिन शामिल है। इसके अलावा अन्य नक्सल सामग्री भी बरामद की गई।
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज बद्री नारायण मीणा, बीएसएफ डीआईजी भानुप्रतापपुर दीपक तिवारी, पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा तथा 94वीं वाहिनी बीएसएफ बांदे के 2आईसी प्रभारी सेनानी सुभाष चंद्र के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में की गई।
संयुक्त अभियान में 94वीं वाहिनी बीएसएफ के इंस्पेक्टर विपिन कुमार, इंस्पेक्टर अविनाश कुमार तथा बीएसएफ बीडीएस टीम कमांडर उप निरीक्षक रोशन लाल मीणा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Kanker News: कांकेर पुलिस ने बताया कि नक्सल प्रभावित सीमावर्ती क्षेत्रों में जिला बल, बीएसएफ एवं अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ लगातार संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील इलाकों में सघन सर्चिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।





