Janjgir Champa News: बारिश के बीच खेतों तक पहुंचे कलेक्टर, कलेक्टर ने फील्ड पहुंचकर देखा डिजिटल क्रॉप सर्वे, एग्रीस्टैक पंजीयन और नक्शा बटांकन की प्रगति

Sanjay Sahu
Janjgir Champa News

Janjgir Champa News: जांजगीर चांपा /अजय यादव: जांजगीर-चांपा, जिले में डिजिटल क्रॉप सर्वे, एग्रीस्टैक पंजीयन और राजस्व संबंधी कार्यों की जमीनी प्रगति को परखने कलेक्टर जन्मेजय महोबे आज ग्राम पेंड्री और पुटपुरा पहुंचे। बारिश के बीच उन्होंने दोनों गांवों में खेतों तक पहुंचकर डिजिटल क्रॉप सर्वे का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया और सर्वेयरों से मौके पर कार्य की स्थिति की जानकारी ली। कलेक्टर ने सर्वेयरों को प्रत्येक खेत का ध्यानपूर्वक सर्वे करने, वास्तविक स्थिति के अनुरूप फसल की सही प्रविष्टि करने तथा पटवारियों को प्राप्त प्रविष्टियों के अप्रूवल कार्य में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए।

Janjgir Champa News: कलेक्टर महोबे ने एग्रीस्टैक पंजीयन की प्रगति का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित मैदानी अमले से अब तक हुए पंजीयन, शेष कार्य तथा कार्य के दौरान आ रही व्यावहारिक एवं तकनीकी दिक्कतों की जानकारी ली। उन्होंने पात्र किसानों का पंजीयन निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने तथा किसानों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि अधिकारी एवं राजस्व अमला नियमित रूप से फील्ड में पहुंचकर सर्वे कार्य का सत्यापन एवं पर्यवेक्षण करें। मैदानी स्तर पर कार्य की गुणवत्ता एवं सही प्रविष्टि सुनिश्चित करते हुए किसी भी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश नहीं रहनी चाहिए।

नक्शा बटांकन की धीमी प्रगति पर पहले जताई थी नाराजगी

उल्लेखनीय है कि पूर्व में आयोजित राजस्व संबंधी बैठकों में कलेक्टर महोबे ने नक्शा बटांकन की अपेक्षाकृत धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा था कि वे स्वयं मैदानी क्षेत्र में पहुंचकर कार्य की वास्तविक स्थिति का अवलोकन करेंगे। इसी क्रम में आज ग्राम पेंड्री और पुटपुरा में उन्होंने नक्शा बटांकन के कार्य को मौके पर जाकर देखा और राजस्व अभिलेखों की वास्तविक स्थिति से उसका मिलान कराया।

Janjgir Champa News: कलेक्टर ने मौके पर नक्शा एवं खसरे का वास्तविक स्थिति के अनुसार सत्यापन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भू-खण्डों की सीमाओं एवं स्वीकृत परिवर्तनों को नियमानुसार दर्ज किया जाए तथा नक्शे को अद्यतन रखा जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि किसी भी प्रकार की त्रुटि अथवा अस्पष्टता पाए जाने पर तत्काल तहसीलदार अथवा राजस्व निरीक्षक के संज्ञान में लाकर उसका नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड में पहुंचकर कार्यों का निरीक्षण करने तथा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधीक्षक भू-अभिलेख विनय पटेल, तहसीलदार शशिभूषण सोनी, नायब तहसीलदार सुश्री वर्षा अग्रवाल, राजस्व निरीक्षक, संबंधित हल्का पटवारी सहित राजस्व अमला उपस्थित थे।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *