kanker News :कांकेर। कांकेर जिले के दुधावा चौकी क्षेत्र में मिले अज्ञात युवती के शव के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। प्रेम प्रसंग में की गई इस नृशंस हत्या में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने युवती को रास्ते से हटाने के लिए उसकी जान ले ली।
kanker News :घटना एक फरवरी की है, जब ग्राम बांगाबारी स्थित बुढ़ा तालाब में साड़ी में लिपटा एक युवती का शव मिला था। तालाब में शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। सूचना पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
kanker News :सोशल मीडिया और व्हाट्सएप के माध्यम से शव की पहचान नेहा वट्टी (18 वर्ष) निवासी ग्राम बासनवाही के रूप में हुई। पहचान के बाद पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं।
kanker News :जांच में सामने आया कि मृतिका का आरोपी बिरेंद्र ध्रुव से प्रेम संबंध था। बिरेंद्र पहले से शादीशुदा था और नेहा उस पर शादी का दबाव बना रही थी। इसी दबाव से परेशान होकर बिरेंद्र ने अपने दोस्त भागवत ध्रुव के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
kanker News :घटना वाली रात दोनों आरोपी युवती को भगाने का बहाना बनाकर मोटरसाइकिल से बुढ़ा तालाब ले गए और पचरी के पास तालाब के पानी में डुबोकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद पहचान और सबूत मिटाने के लिए मृतिका का मोबाइल फोन, चप्पल और दस्तावेज तालाब में फेंक दिए गए।
kanker News :पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। साथ ही गोताखोरों की मदद से तालाब से मृतिका का सामान भी बरामद किया गया। फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।











