Kabirdham Ganja Seized : कबीरधाम पुलिस ने नाकाम की तस्करी की बड़ी कोशिश, रीवा के दो तस्कर गिरफ्तार, 13 लाख का गांजा बरामद

0
170

Kabirdham Ganja Seized : कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। थाना बोड़ला क्षेत्र में पुलिस ने घेराबंदी कर एक सफेद रंग की बोलेरो कार को रोका, जिसमें बेहद शातिर तरीके से बनाए गए ‘सीक्रेट चैंबर’ से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने इस मामले में मध्यप्रदेश के रीवा जिले के रहने वाले दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि तस्करों द्वारा वाहन के भीतर गुप्त खाना बनाकर मादक पदार्थों की तस्करी की जा रही है। सूचना की तस्दीक होने पर जब बोलेरो (क्रमांक MP 17 ZJ 6484) को रोककर बारीकी से तलाशी ली गई, तो पुलिस भी दंग रह गई। वाहन के भीतर बने गुप्त चैंबर में गांजे के 25 पैकेट छिपाकर रखे गए थे। पुलिस ने वजन कराया तो कुल 26.860 किलोग्राम गांजा पाया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 13.34 लाख रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान लाला चर्मकार (31 वर्ष) और राधिका मल्ला (28 वर्ष) के रूप में हुई है, जो रीवा के जवा थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में उपयोग की गई 12 लाख रुपये मूल्य की बोलेरो को भी जब्त कर लिया है। कुल जब्ती की कीमत 25.34 लाख रुपये बताई जा रही है।

आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे कहां खपाया जाना था। कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार और तस्करी में शामिल नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जाएगा। मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here