मुंबई, 7 सितंबर। गणेश विसर्जन के बाद मुंबई के जुहू बीच पर फैले कचरे को साफ करने के लिए रविवार को दिव्या फाउंडेशन और बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) की ओर से विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान में अभिनेता अक्षय कुमार, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस और बेटी दिविजा भी मौजूद रहीं।
सफाई अभियान में शामिल होकर अक्षय कुमार ने ग्लव्स पहनकर तट से कचरा हटाया और लोगों से भी इसमें शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा, “गणपति बप्पा बुद्धि के देवता हैं और बुद्धि हमें यही कहती है कि हमें स्वच्छता रखनी चाहिए। यह सिर्फ सरकार या BMC की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हम सबकी ड्यूटी है। सफाई अभियान में शामिल होने वाले सभी लोगों का मैं आभार व्यक्त करता हूं।”
अमृता फडणवीस ने भी दिया संदेश
मुख्यमंत्री की पत्नी अमृता फडणवीस ने कहा, “त्योहार मनाना हमारा अधिकार है, लेकिन हमारे समुद्र तटों को साफ रखना भी हमारी जिम्मेदारी है। आज कई संस्थाओं ने मिलकर इस अभियान में हाथ बंटाया, ताकि यह संदेश दिया जा सके कि उत्सव और स्वच्छता दोनों साथ चल सकते हैं।”
कई बड़े चेहरे रहे शामिल
अभियान में BMC आयुक्त भूषण गगरानी, कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा और मुंबई बीजेपी अध्यक्ष अमित साटम भी शामिल हुए। सभी ने मिलकर कचरे की सफाई की और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
पर्यावरण के लिए बड़ा खतरा
गौरतलब है कि अनंत चतुर्दशी पर शहर के जुहू, गिरगांव और वर्सोवा तटों पर बड़ी संख्या में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन होता है। इसके बाद मूर्तियों के अवशेष, फूल-मालाएं और पूजन सामग्री तट पर जमा हो जाती है, जो समुद्री पर्यावरण के लिए खतरा बनती है। इसी गंभीर मुद्दे को ध्यान में रखते हुए यह संयुक्त अभियान चलाया गया।











