Jitu Patwari Chhindwara Visit : छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी शनिवार सुबह छिंदवाड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने हाल ही में हुई भीषण बस दुर्घटना के पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर अपनी शोक संवेदना व्यक्त की। पटवारी ने ग्राम रंगारी में पूर्व विधायक विठ्ठलराव महाले और मोहखेड़ ब्लॉक के ग्राम झीरिया में मधुकर वानखेड़े के निवास पर पहुंचकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया और स्पष्ट किया कि दुख की इस घड़ी में पूरी कांग्रेस पार्टी उनके साथ खड़ी है।
मुलाकात के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव और राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने इस हादसे को ‘सरकारी हत्या’ करार देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से लौट रहे लोगों के साथ हुई यह घटना अत्यंत पीड़ादायक है और इसके पीछे सरकार की घोर लापरवाही, कुप्रबंधन और अव्यवस्था जिम्मेदार है। पटवारी ने कड़े शब्दों में कहा, “आंसुओं और चीखों के पीछे छिपी यह सच्चाई है कि सरकार अपनी जिम्मेदारी से मुंह मोड़ रही है। मुख्यमंत्री को इस पर शर्म आनी चाहिए।”
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार से मांग की है कि पीड़ित परिवारों को केवल सांत्वना नहीं, बल्कि उचित न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने प्रत्येक मृतक के परिवार को 1 करोड़ रुपये का मुआवजा देने की पुरजोर मांग की। पटवारी ने आरोप लगाया कि सरकारी कार्यक्रमों के लिए जिस तरह की परिवहन व्यवस्था की जाती है, उसमें सुरक्षा मानकों की सरेआम अनदेखी होती है, जिसका खामियाजा निर्दोष जनता को अपनी जान देकर चुकाना पड़ता है।
इस दौरान स्थानीय कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। जीतू पटवारी के इस दौरे और तीखे बयानों ने हादसे के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में खलबली मचा दी है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि पीड़ितों को उचित न्याय और मुआवजा नहीं मिला, तो वे सड़क से लेकर सदन तक सरकार को घेरेंगे।











