निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बिहारीपुरा मोहल्ले से रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां छोटे भाई ने मामूली कहासुनी के बाद बड़े भाई की हत्या कर दी और राज छिपाने के लिए शव को घर के आंगन में ही दफना दिया।
घटना 10 फरवरी की बताई जा रही है। उस समय दोनों भाइयों की मां मायके गई हुई थीं। जानकारी के अनुसार, छोटे भाई मुसारिब बेग ने चाय के लिए बड़े भाई तारिक बेग के कमरे का दरवाजा खटखटाया। नींद में बाधा पड़ने से दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर मुसारिब ने कुल्हाड़ी से तारिक के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
Read More : खुशखबरी! युवाओं के लिए सुनहरा अवसर… रायपुर में 20 से 24 फरवरी तक प्लेसमेंट कैंप, 524 पदों पर बंपर भर्ती
सबूत मिटाने की कोशिश
हत्या के बाद आरोपी ने आंगन में करीब छह फीट गहरा गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया। शक से बचने के लिए गड्ढे पर ईंटें बिछाईं और ऊपर कूलर रख दिया। इसके बाद उसने थाने जाकर भाई की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी। वह रोज की तरह नौकरी पर जाता रहा और उसी घर में रह रहा था, जहां नीचे शव दफन था।
ऐसे खुला मामला
मृतक के मामा मोहम्मद सलीम को आरोपी पर शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ में वह टूट गया और हत्या की बात स्वीकार कर ली। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में आंगन की खुदाई कर शव बरामद किया गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
आरोपी को हुआ पछतावा
पुलिस हिरासत में आरोपी ने स्वीकार किया कि एक पल के गुस्से ने उसका परिवार बर्बाद कर दिया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।













