Jhabua News : झाबुआ। जिले में रासायनिक खाद की भारी किल्लत और बढ़ती कालाबाजारी को लेकर झाबुआ विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया ने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद के लिए लंबी-लंबी लाइनों में खड़ा होना पड़ रहा है, लेकिन उन्हें समय पर खाद नहीं मिल रही। इस संकट के लिए प्रशासन की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द हालात नहीं सुधरे, तो कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।
Jhabua News : डॉ. भूरिया ने कहा कि जिले में किसानों से सरकार द्वारा तय दर ₹270 की बजाय ₹450 में खाद बेचा जा रहा है। यह साफ तौर पर कालाबाजारी है, और किसान खुलेआम लूटे जा रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब प्रशासन कहता है कि खाद की कोई कमी नहीं है, तो फिर किसान क्यों परेशान हो रहा है? क्यों हर दिन खाद के लिए कतारें लग रही हैं?
Jhabua News : उन्होंने यह भी कहा कि झाबुआ आदिवासी बहुल जिला है और यहां की आजीविका का प्रमुख साधन खेती है। ऐसे में अगर किसान को उसकी जरूरत का खाद ही न मिले, तो सरकार की “किसान हितैषी” नीति पर बड़ा सवाल खड़ा होता है।
Jhabua News : भूरिया ने जिला प्रशासन से तत्काल खाद वितरण व्यवस्था सुधारने और आधार कार्ड से जुड़ी तकनीकी समस्याओं को दूर करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो कांग्रेस मजबूर होकर आंदोलन का रास्ता अपनाएगी।











