Tuesday, August 18, 2026
Home Chhattisgarh Jashpur Crime : आईफोन के लालच में रिश्तों का कत्ल: जशपुर में...

Jashpur Crime : आईफोन के लालच में रिश्तों का कत्ल: जशपुर में 51 लाख की चोरी का खुलासा, भतीजी निकली मास्टरमाइंड, पांच आरोपी गिरफ्तार

Jashpur Crime
Jashpur Crime

Jashpur Crime : गौरी शंकर गुप्ता / जशपुर। जशपुर पुलिस ने लाखों रुपये की सनसनीखेज चोरी का खुलासा करते हुए अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह मामला थाना नारायणपुर क्षेत्र के ग्राम केराडीह रैनीडांड का है, जहां भतीजी ने ही अपने बॉयफ्रेंड और साथियों के साथ मिलकर अपने ही बड़े पिताजी के घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

Jashpur Crime : पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने घर से करीब 15 लाख रुपये नगद, सोने की ज्वेलरी समेत कुल 51 लाख रुपये से अधिक के माल की चोरी की थी। चोरी की रकम से आरोपियों ने महंगी हरियर कार खरीदी, पार्टियां कीं और ऐशो-आराम की जिंदगी जी।

Jashpur Crime : इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों में मिनल निकुंज (21 वर्ष), अनिल प्रधान (25 वर्ष), अभिषेक इंद्रवार (28 वर्ष), लंकेश्वर बड़ाईक (35 वर्ष) और अलीशा भगत (29 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 86,300 रुपये नगद, एक हरियर कार, सोने का मंगलसूत्र, सोने की बिस्किट, सोने का कड़ा, एक आईफोन और चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त माल की वर्तमान कीमत लगभग 51 लाख 82 हजार 300 रुपये बताई जा रही है।

Jashpur Crime : पुलिस के अनुसार, दिनांक 6 दिसंबर 2025 को प्रार्थिया सुषमा निकुंज ने थाना नारायणपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके पुराने घर केराडीह रैनीडांड से नकदी और जेवरात चोरी हो गए हैं। जांच के दौरान संदेह उनकी भतीजी मिनल निकुंज पर गया, जिसने पूछताछ में अपने बॉयफ्रेंड अनिल प्रधान के उकसावे पर चोरी करना स्वीकार किया।

Jashpur Crime : जांच में खुलासा हुआ कि मिनल निकुंज ने पहले छोटे स्तर पर पैसे निकालकर खर्च किए, फिर लालच बढ़ने पर पूरे सूटकेस में रखे नगद और जेवरात अपने साथियों की मदद से चोरी कर लिए। आरोपियों ने चोरी की रकम से रायपुर में विला बुक कर पार्टी की, ओडिशा के राउरकेला में सोने की बिस्किट बेचीं और महंगी कार खरीदी।

Jashpur Crime : घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे। जशपुर पुलिस ने तकनीकी टीम और मुखबिर की मदद से रांची के एक होटल से मिनल निकुंज और अनिल प्रधान को गिरफ्तार किया। इसके बाद अन्य तीन आरोपियों को भी अलग-अलग स्थानों से पकड़ा गया। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर सोने की बिस्किट और अन्य सामान भी बरामद किया गया।

Jashpur Crime : पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना नारायणपुर में बीएनएस की धारा 331(4) और 305(A) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। मामले से जुड़े अन्य फरार आरोपियों को भी चिन्हित कर लिया गया है, जिनकी तलाश जारी है।

Jashpur Crime : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस ने समय रहते बड़ी चोरी का खुलासा कर अधिकांश चोरी का माल बरामद कर लिया है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं। इस पूरी कार्रवाई में साइबर सेल जशपुर और थाना नारायणपुर पुलिस की अहम भूमिका रही है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here