जबलपुर। शहर के मदनमहल थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब नागपाल गार्डन के पास सड़क किनारे एक बछड़े का कटा हुआ सिर मिलने की जानकारी सामने आई। घटना की खबर फैलते ही इलाके में तनाव का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए।
मौके पर पहुंची पुलिस, इलाके में बढ़ाई गई सतर्कता
घटना की सूचना मिलते ही गोरखपुर थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन का अमला मौके पर पहुंचा। पुलिस ने क्षेत्र को घेराबंदी में लिया और हालात को काबू में रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया। कटे हुए बछड़े के सिर को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों की पुष्टि हो सके।
हिंदू संगठनों का आरोप, माहौल बिगाड़ने की साजिश
हिंदूवादी संगठनों ने इस घटना को लेकर कड़ा विरोध जताया। विश्व हिंदू परिषद के नेता विशाल नामदेव ने आरोप लगाया कि भगवान श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा के दूसरे वर्ष के अवसर पर कुछ असामाजिक तत्वों ने जानबूझकर शहर का सांप्रदायिक माहौल खराब करने की कोशिश की है।उन्होंने कहा कि यह घटना सामान्य नहीं है और इसके पीछे सुनियोजित साजिश हो सकती है।
24 घंटे का अल्टीमेटम, आंदोलन की चेतावनी
विश्व हिंदू परिषद और अन्य संगठनों ने मांग की है कि 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाए। ऐसा नहीं होने पर संगठन ने उग्र प्रदर्शन और आंदोलन की चेतावनी दी है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस तरह की घटनाएं समाज में भय और तनाव पैदा करती हैं।
Read More : इंदौर : भागीरथपुरा में नर्मदा जल संकट पर राहत, महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने किया निरीक्षण
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
गोरखपुर थाना प्रभारी नितिन कमल ने बताया कि इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 325 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है।थाना प्रभारी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
क्षेत्र में तनाव, पुलिस अलर्ट
घटना के बाद से मदनमहल और आसपास के इलाकों में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। पुलिस लगातार गश्त कर रही है और किसी भी अफवाह को फैलने से रोकने के लिए प्रशासन अलर्ट मोड में है।











