Jabalpur Big News : जबलपुर, मध्य प्रदेश : जबलपुर जिले के पाटन स्थित गुरु पिपरिया डबल लॉक केंद्र में एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। किसानों के ओरिजिनल आधार कार्ड मक्के के खेत में फेंके हुए मिले हैं, जिससे खाद वितरण में बड़े पैमाने पर धांधली का शक पैदा हुआ है।
Jabalpur Big News : किसानों ने आरोप लगाया है कि डीएपी खाद पाने के लिए उन्होंने अपने ओरिजिनल आधार कार्ड डबल लॉक केंद्र में जमा कराए थे, लेकिन खाद नहीं मिली। अब उनके आधार कार्ड पास के खेत में बिखरे मिले हैं।
इस मामले पर जब डबल लॉक केंद्र प्रभारी रामदास चौकसे से बात की गई तो उन्होंने पल्ला झाड़ते हुए कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। वहीं, गुस्साए किसानों ने आरोप लगाया है कि केंद्र प्रभारी और कर्मचारियों ने डीएपी खाद को कालाबाजारी में बेच दिया है, जिसके कारण उन्हें खाद नहीं मिली और उनके पहचान पत्रों को फेंक दिया गया।
यह मामला जबलपुर के पाटन थाना क्षेत्र के गुरु पिपरिया गांव का है। किसानों ने प्रशासन से इस मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है।











