Indore News : इंदौर : इंदौर में सराफा चौपाटी को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब इस मुद्दे पर शहर की राजनीतिक बयानबाज़ी भी तेज़ हो गई है। नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे ने आज खुलकर नगर निगम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि जिन दुकानों को हटाया गया है, उन्हें वैकल्पिक जगह दी जाए और सभी दुकानों को गांधी हॉल में शिफ्ट किया जाए।
Indore News : पत्रकार वार्ता में नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि सराफा बाजार की ऐतिहासिक धरोहर को इंदौर नगर निगम ने मज़ाक बना दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान में जिन 69 दुकानों को परमिशन दी गई है, उनमें पिज़्ज़ा, बर्गर और मोमोज जैसी दुकानें शामिल हैं, जबकि सराफा का पारंपरिक स्वरूप केवल मालवी व्यंजनों और पुरानी मिठाई की दुकानों का रहा है।
Indore News : चौकसे ने कहा कि व्यापारी लंबे समय से रात में लगने वाली चौपाटी को हटाने की मांग कर रहे थे, लेकिन निगम ने इसके उलट गैस चूल्हों और आधुनिक खाद्य दुकानों को अनुमति देकर सराफा बाजार को फिर से “बारूद के ढेर” पर बैठा दिया है।
Indore News : नेता प्रतिपक्ष और शहर कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि पारंपरिक स्वरूप में लाने के नाम पर निगम में भाई-भतीजावाद किया गया है। उनके मुताबिक, भाजपा नेताओं के रिश्तेदारों को दुकानें आवंटित की गई हैं और उनका नाम सूची में जोड़ दिया गया है। उन्होंने कहा कि पहले यहां केवल पारंपरिक व्यंजन और मिठाई की दुकानें लगती थीं, जिनमें किसी प्रकार के गैस चूल्हों का उपयोग नहीं होता था।
Indore News : चौकसे ने कहा कि पाव भाजी, सैंडविच, पिज़्ज़ा, बर्गर जैसी दुकानों का मालवा से कोई संबंध नहीं है और इनकी परमिशन तुरंत निरस्त की जाए। चौकसे ने आरोप लगाया कि जब-जब व्यवस्था के कर्ताधर्ता नेतृत्व की कमी दिखाते हैं, तब ऐसे विवाद खड़े होते हैं।











