Indore News : वकील और पक्षकार को लॉकअप में बंद करने पर बवाल….

Parivesh
Indore News

Indore News : इंदौर | इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्रवाई ने वकीलों और प्रशासन के बीच तीखी तकरार की स्थिति पैदा कर दी है। एक महिला पक्षकार और उसके वकील को तलवारबाजी और धमकी की शिकायत दर्ज करवाने पहुंचे थे, मगर पुलिस ने उल्टा इन्हीं दोनों को आरोपी बना दिया और लॉकअप में बंद कर दिया। यह घटनाक्रम पूरे इंदौर में चर्चा का विषय बन गया है।

Indore News : गुरुवार देर शाम शोभा वर्मा नामक महिला अपने वकील साहिल खान के साथ एरोड्रम थाने पहुंची थी। शिकायत में एक व्यक्ति पर तलवार लहराकर धमकी देने का आरोप लगाया गया था। पुलिस ने मामला तो दर्ज कर लिया, लेकिन जिन धाराओं में एफआईआर की गई, वे सभी जमानतीय थीं और थाने से ही जमानत दी जानी थी। बावजूद इसके, पुलिस ने शिकायतकर्ता और वकील दोनों को रातभर लॉकअप में बंद रखा।

इस घटना के उजागर होते ही जिला बार एसोसिएशन में जबरदस्त आक्रोश फैल गया। वकीलों का कहना है कि पुलिस ने न केवल कानून की अवहेलना की, बल्कि न्याय की प्रक्रिया का भी खुला मजाक उड़ाया है। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने डीसीपी विनोद मीना से मुलाकात कर दोषी पुलिसकर्मियों—नूहू खुजूर और दिलीप मीना—को तत्काल सस्पेंड करने की मांग की है।

बार एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो वकील सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे। डीसीपी स्तर पर फिलहाल मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वकीलों का कहना है कि यह मामला सिर्फ एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे वकालत पेशे और लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमले जैसा है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *