इंदौर : मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में एक बार फिर कथित नाम बदलकर संबंध बनाने का मामला सामने आया है। हीरानगर थाना क्षेत्र में रहने वाली 33 वर्षीय महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने खुद को यश चौहान बताकर उससे दोस्ती की और बाद में लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगा।
पीड़िता के अनुसार दोनों की पहचान वर्ष 2020 में हुई थी, जब वह पाटनीपुरा इलाके में कॉस्मेटिक दुकान पर आती-जाती थी और सिटी वैन से सफर करती थी, जिसे आरोपी चलाता था।
गर्भवती होने पर खुली असली पहचान
महिला का कहना है कि आरोपी ने शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। जब वह गर्भवती हुई तो आरोपी ने शादी का आश्वासन दिया। हालांकि, बाद में परिवार से मुलाकात के दौरान उसे पता चला कि युवक का असली नाम मोहम्मद जीशान है, न कि यश चौहान।
Read More : M.P में 5वीं-8वीं की बोर्ड पैटर्न परीक्षाएं 20 फरवरी से शुरू, बैठेंगे करीब 25 लाख विद्यार्थी
पीड़िता ने आरोप लगाया कि सच्चाई सामने आने के बाद आरोपी ने उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया और मना करने पर गर्भ में पल रहे बच्चे को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी।
शिकायत के बाद पुलिस कार्रवाई
घटना से परेशान महिला ने हिंदू जागरण मंच के सदस्यों से संपर्क कर पूरी जानकारी दी। इसके बाद संगठन के सहयोग से थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी मोहम्मद जीशान को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।













