Thursday, September 10, 2026
Home Madhya Pradesh Indore Indore Jewelry Theft : शातिर ठग की उंगलियों का कमाल: इंदौर में...

Indore Jewelry Theft : शातिर ठग की उंगलियों का कमाल: इंदौर में बालियां देखने के बहाने सोने का पाउच ले उड़ा चोर

Indore Jewelry Theft : इन्दौर: शहर के चंदन नगर थाना क्षेत्र में एक शातिर चोर ने ‘नजर हटी, दुर्घटना घटी’ की तर्ज पर ज्वेलरी शॉप को अपना निशाना बनाया। जवाहर टेकरी स्थित एक ज्वेलरी दुकान में ग्राहक बनकर घुसे अज्ञात बदमाश ने दुकानदार को बातों में उलझाकर सोने के गहनों से भरा पाउच पार कर दिया। यह पूरी घटना शनिवार रात करीब 7:40 बजे की बताई जा रही है।

बातों में उलझाया, फिर उंगलियों से किया हाथ साफ: फरियादी आशीष सोनी ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने दुकान में प्रवेश करते ही बच्चों की बालियां दिखाने की मांग की। जब दुकानदार उसे अलग-अलग डिजाइन दिखाने लगा, तो आरोपी लगातार ‘यह नहीं, दूसरी दिखाओ’ कहकर उसे भ्रमित करता रहा। जैसे ही आशीष का ध्यान दूसरी पेटी की ओर गया, चोर ने बड़ी चतुराई से काउंटर पर रखा सोने का पाउच अपनी उंगलियों के बीच छिपा लिया और ‘बालियां पसंद नहीं आईं’ कहकर दुकान से बाहर निकल गया।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस: बदमाश के जाने के कुछ देर बाद जब दुकानदार ने सामान समेटा, तब उसे चोरी का अहसास हुआ। आनन-फानन में इसकी सूचना चंदन नगर पुलिस को दी गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अब दुकान और सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि हुलिए के आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी की जा सके।

व्यापारियों में असुरक्षा: इस घटना के बाद स्थानीय स्वर्णकारों में चिंता का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस से मांग की है कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए और ऐसे शातिर अपराधियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाए। पुलिस का दावा है कि हुलिए के आधार पर कुछ संदिग्धों की पहचान की जा रही है और जल्द ही मामला सुलझा लिया जाएगा।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here