Indore Food Delivery Negligence : इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में नवरात्रि के दौरान फूड डिलीवरी में एक गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। लसूड़िया थाना क्षेत्र के गुलाबबाग निवासी एक परिवार को व्रत और पूजा के माहौल में शाकाहारी खाने की जगह नॉनवेज डिश डिलीवर कर दी गई। इस घटना से आहत होकर पीड़ित ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद काफी गहमागहमी रही।
पूजा के बीच ‘चिली पनीर’ की जगह निकला ‘चिली चिकन’
मोबाइल व्यवसायी राहुल तिवारी ने बताया कि रविवार शाम उनके घर में नवरात्रि की पूजा का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान उन्होंने ऑनलाइन फूड डिलीवरी ऐप Zomato के माध्यम से महालक्ष्मी नगर स्थित ‘नाइट किंग’ रेस्टोरेंट से एक वेज कॉम्बो पैक और चिली पनीर ऑर्डर किया था। करीब 15 मिनट में डिलीवरी तो हो गई, लेकिन जब पैकेट खोला गया तो परिवार के होश उड़ गए। कॉम्बो के अन्य आइटम तो सही थे, लेकिन चिली पनीर के डिब्बे में ‘चिली चिकन’ निकला।
धार्मिक भावनाएं आहत, रिफंड मिला पर गुस्सा बरकरार
नवरात्रि के पवित्र माहौल में घर के भीतर मांसाहार देखकर परिवार स्तब्ध रह गया। पीड़ित ने तुरंत ऐप पर शिकायत की, जिस पर कंपनी ने ₹363 का पूरा रिफंड तो दे दिया, लेकिन रेस्टोरेंट प्रबंधन ने अपनी गलती मानते हुए भी पार्सल वापस लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद राहुल तिवारी ने सोमवार को लसूड़िया थाने पहुँचकर मामले की लिखित शिकायत दी।
पुलिस हस्तक्षेप और दोनों पक्षों में समझौता
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने रेस्टोरेंट संचालक को थाने तलब किया। एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि पीड़ित राहुल तिवारी और रेस्टोरेंट मालिक, दोनों के बयान लिए गए। रेस्टोरेंट प्रबंधन ने इसे मानवीय भूल बताते हुए माफी मांगी। लंबी चर्चा के बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बन गई और पीड़ित ने किसी भी तरह की दंडात्मक कार्रवाई न करने की बात कहते हुए समझौता कर लिया।











