Indore Crime:इंदौर: नोएडा में पति और ढाई साल के बेटे को छोड़कर प्रेमी के साथ इंदौर आई 23 साल की महिला की आठवीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। महिला तेजाजी नगर थाना क्षेत्र के पलाश परिसर में प्रेमी के साथ किराए के फ्लैट में रह रही थी। प्रेमी का दावा है कि पति की सोशल मीडिया पोस्ट देखकर महिला तनाव में थी। घटना के वक्त दोनों के शराब पीने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने प्रेमी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
इंदौर के तेजाजी नगर थाना क्षेत्र स्थित पलाश परिसर में नोएडा की रहने वाली 23 वर्षीय अंजली की आठवीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। अंजली अपने पति और ढाई साल के बेटे को छोड़कर करीब एक सप्ताह पहले मेरठ निवासी प्रेमी अजय के साथ इंदौर आई थी। दोनों ने पीथमपुर में नौकरी करने की बात कहकर किराए पर फ्लैट लिया था।
Indore Crime:पुलिस के मुताबिक, प्रेमी अजय ने पूछताछ में बताया कि अंजली का पति सोशल मीडिया पर बेटे के साथ तस्वीरें और भावुक वीडियो शेयर कर रहा था, जिन्हें देखकर वह मानसिक तनाव में थी। अजय के मुताबिक, शुक्रवार रात से शनिवार दोपहर तक दोनों ने शराब पी। शनिवार दोपहर अंजली रोते हुए फ्लैट की पिछली बालकनी में गई और कुछ देर बाद आठवीं मंजिल से नीचे गिर गई। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। तेजाजी नगर पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और प्रेमी अजय को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि महिला की मौत हादसे में हुई, उसने आत्महत्या की या घटना के पीछे कोई अन्य वजह है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।