इंदौर : इंदौर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां नशे में धुत एक बदमाश ने 7 साल की मासूम बच्ची को उसकी मां से छीनने की कोशिश की। यह घटना परदेशीपुरा थाना क्षेत्र के परदेसीपुरा चौराहा इलाके की बताई जा रही है। गनीमत रही कि बच्ची की मां ने साहस दिखाते हुए बदमाश का डटकर सामना किया और बच्ची को सुरक्षित बचा लिया।
मां की हिम्मत ने बचाई बच्ची
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिला अपनी 7 साल की बच्ची के साथ सड़क किनारे मौजूद थी, तभी नशे में धुत एक युवक वहां पहुंचा और अचानक बच्ची को उठाने की कोशिश करने लगा। यह देख मां ने बिना डरे बदमाश का कॉलर पकड़ लिया और शोर मचाते हुए उसका विरोध किया। मां की हिम्मत और सतर्कता से बदमाश अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सका।
सड़क पर हुई बदमाश की पिटाई
महिला के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग भी मौके पर जमा हो गए। गुस्साए लोगों ने महिला की मदद करते हुए नशे में धुत बदमाश की सड़क पर जमकर पिटाई कर दी। कुछ ही देर में बदमाश पूरी तरह बेबस नजर आया। इस दौरान किसी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
Read More : M.P News : इंदौर में दूषित पानी से हड़कंप, 300 से ज्यादा लोग बीमार, 35 अस्पताल में भर्ती
वायरल वीडियो ने बढ़ाई चिंता
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह महिला और स्थानीय लोग बदमाश को पकड़कर उसकी पिटाई कर रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद शहर में सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं, खासकर बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही परदेशीपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर बदमाश की पहचान की जा रही है। आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बढ़ते अपराधों पर सवाल
यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि सार्वजनिक स्थानों पर नशे में घूम रहे असामाजिक तत्व किस तरह आम लोगों, खासकर बच्चों के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने इलाके में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने और नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।











