इंदौर : शहर के छत्रीपुरा और चंदन नगर थाना क्षेत्र में खड़ी कारों के कांच फोड़ने वाले आरोपी के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। छत्रीपुरा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसका जुलूस निकाला और सरेआम चेतावनी दी कि शहर में तोड़फोड़ और उपद्रव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नशे की हालत में करता था तोड़फोड़
पुलिस के अनुसार आरोपी नशे की हालत में देर रात सड़कों पर घूमकर खड़ी कारों के कांच फोड़ता था। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया।
जुलूस निकालकर दिया सख्त संदेश
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का क्षेत्र में जुलूस निकाला। इस दौरान उससे नारे लगवाए गए—
“पुलिस हमारी बाप है, कारों के कांच फोड़ना पाप है।”इस कार्रवाई का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाना और असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश देना था।
क्षेत्र में बढ़ाई गई निगरानी
घटना के बाद दोनों थाना क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
इंदौर पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्रवासियों ने राहत महसूस की है और उम्मीद जताई है कि ऐसे तत्वों पर आगे भी इसी तरह अंकुश लगाया जाएगा।











