India-New Zealand T20 : रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 23 जनवरी को भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच को लेकर तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू हो गई हैं। पिछले आयोजित वनडे मैच के दौरान दर्शकों को हुई भारी असुविधा और हंगामे से सबक लेते हुए छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ (सीएससीएस) ने इस बार स्टेडियम की एंट्री और एग्जिट व्यवस्था में व्यापक बदलाव करने का निर्णय लिया है। संघ का मुख्य उद्देश्य दर्शकों को बिना किसी परेशानी के सुरक्षित तरीके से स्टेडियम के भीतर उनकी सीटों तक पहुंचाना है।
विगत वनडे मैच में बड़ी संख्या में दर्शक टिकट होने के बावजूद स्टेडियम के बाहर रह गए थे, जिसके कारण गेट टूटने और हंगामे जैसी स्थिति बनी थी। इस बार क्रिकेट संघ ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए ‘टाइम स्लॉट’ आधारित प्रवेश की योजना बनाई है। दर्शकों को अलग-अलग समय पर स्टेडियम आने के लिए प्रेरित किया जाएगा ताकि गेट पर एक साथ दबाव न बढ़े।
संघ ने स्पष्ट किया है कि आधा दर्जन से अधिक गेटों पर अतिरिक्त स्टाफ तैनात किया जाएगा और टिकट जांच की प्रक्रिया को डिजिटल रूप से और तेज बनाया जाएगा। साथ ही, स्टेडियम की क्षमता के अनुसार ही टिकट बेचे गए हैं, ताकि बैठने की व्यवस्था को लेकर कोई विवाद न हो। सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन के लिए भी पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर एक हाई-लेवल प्लान तैयार किया गया है।











