India Day Parade 2025 : वॉशिंगटन। भारत की स्वतंत्रता की 78वीं वर्षगांठ को इस बार प्रवासी छत्तीसगढ़ियों ने उत्तर अमेरिका में “भारत दिवस परेड 2025” के रूप में भव्य तरीके से मनाया। नाचा (North America Chhattisgarh Association) ने सिएटल, टोरंटो और कैलिफोर्निया बे एरिया में आयोजित कार्यक्रमों के जरिए छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक और औद्योगिक धरोहर को अंतरराष्ट्रीय मंच पर जीवंत किया।
India Day Parade 2025 : सिएटल में छत्तीसगढ़ की औद्योगिक और कृषि पहचान
नाचा वॉशिंगटन चैप्टर की अध्यक्ष नमिता खंडेलवाल के नेतृत्व में सिएटल परेड में भिलाई इस्पात संयंत्र और “धान का कटोरा” मुख्य आकर्षण रहे। करमा नृत्य की रंगारंग प्रस्तुति, छत्तीसगढ़ी व्यंजनों जैसे चावल पापड़, थेड़ी और एरस्सा, तथा ढोकरा कला और कोसा सिल्क की प्रदर्शनी ने सिएटल में बसे भारतीयों का दिल जीत लिया।
टोरंटो में जनजातीय गौरव की झलक
पंकज अग्रवाल की अगुवाई में नाचा कनाडा चैप्टर ने टोरंटो में छत्तीसगढ़ की जनजातीय परंपरा को थीम बनाया। बस्तर के पारंपरिक वाद्य, गौरा मुकुट, लुगरा और पारंपरिक आभूषणों से सजी प्रस्तुतियों ने वहां मौजूद भारतीय समुदाय को मातृभूमि से जोड़ दिया।
कैलिफोर्निया में परिवारों की सहभागिता
बे एरिया कार्यक्रम में पूजा महतो के नेतृत्व में परिवारों ने एक साथ छत्तीसगढ़ी गीत और नृत्य प्रस्तुत किए। महिलाओं ने पारंपरिक लुगरा और गहनों से छत्तीसगढ़ी संस्कृति का प्रदर्शन किया, वहीं बच्चों और युवाओं की भागीदारी ने आयोजन को उत्साहपूर्ण बना दिया।
नाचा का संदेश
नाचा ने इन आयोजनों के जरिए यह संदेश दिया कि छत्तीसगढ़ की पहचान केवल भौगोलिक सीमाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विश्वभर में बसे प्रवासी भारतीयों के दिलों में जीवित है। औद्योगिक शक्ति, कृषि समृद्धि, जनजातीय परंपरा और पारिवारिक एकता—इन सभी ने मिलकर भारत की विविधता और गौरव को उत्तर अमेरिका की धरती पर रोशन किया यह आयोजन इस बात का प्रतीक है कि हजारों मील दूर रहते हुए भी प्रवासी छत्तीसगढ़ी अपनी मिट्टी और संस्कृति से गहराई से जुड़े हुए हैं।









