Hanumana Court Bomb Threat : मऊगंज/हनुमना: मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले के हनुमना तहसील से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। हनुमना न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। धमकी की सूचना मिलते ही कलेक्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक (SP) भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया।
बम निरोधक दस्ते ने घंटों खंगाला परिसर
धमकी मिलते ही पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से तत्काल न्यायालय की कार्यवाही रुकवाई और सभी न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं व पक्षकारों को परिसर से बाहर निकाला। बम निरोधक दस्ते (BDDS) और डॉग स्क्वाड ने न्यायालय के हर कमरे, अलमारी और झाड़ियों की गहन तलाशी ली। काफी देर तक चले इस सर्च ऑपरेशन के बाद राहत की बात यह रही कि कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, आरोपी की तलाश जारी
मऊगंज एसपी दिलीप सोनी ने बताया कि धमकी मिलने के बाद सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस अब तकनीकी साक्ष्यों और कॉल/मेल डिटेल्स के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस दहशत के पीछे किसका हाथ है। क्या यह किसी की शरारत है या इसके पीछे कोई गंभीर साजिश, पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
रीवा और मऊगंज में ‘पैटर्न’ की जांच
गौरतलब है कि आज ही रीवा जिला न्यायालय को भी बम से उड़ाने की धमकी भरा मेल मिला था। एक ही दिन में विंध्य क्षेत्र के दो प्रमुख न्यायालयों को निशाना बनाने की धमकी ने खुफिया एजेंसियों को सतर्क कर दिया है। पुलिस इन दोनों घटनाओं के बीच किसी साझा लिंक की भी तलाश कर रही है।













