ग्वालियर: शहर के पड़ाव थाना क्षेत्र स्थित फूलबाग चौपाटी पर सोमवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई। निरीक्षण पर निकली महिला CSP हिना खान पर एक युवक ने लाल-पीली बत्ती लगी कार चढ़ाने की कोशिश की। हालांकि उनकी सतर्कता और मौके पर मौजूद पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।
निरीक्षण के दौरान हुई घटना
जानकारी के अनुसार CSP हिना खान अपनी टीम के साथ इलाके में कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा ले रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार से आई एक संदिग्ध कार उनकी ओर बढ़ी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार पर लाल-पीली बत्ती लगी थी, जिसका उपयोग संभवतः अनधिकृत रूप से किया जा रहा था।
रोबिन जैन,सीएसपी, ग्वालियर
सीधे CSP की ओर मोड़ी कार
बताया जा रहा है कि चालक ने वाहन को सीधे CSP की ओर मोड़ दिया, जिससे टक्कर की आशंका पैदा हो गई। हालांकि CSP हिना खान ने सतर्कता दिखाते हुए खुद को सुरक्षित किया। इसी बीच कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा टकराई, जिससे चालक को हल्की चोटें आईं।
Read More : M.P News : ग्वालियर- सेंट्रल लाइब्रेरी की तीसरी मंजिल से कूदा कर्मचारी, मौत से मचा हड़कंप
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल चालक को हिरासत में ले लिया। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालक पर 15 हजार रुपये का चालान काटा और वाहन को जब्त कर लिया। आरोपी को आगे की जांच के लिए पड़ाव थाने भेज दिया गया।
मोटर व्हीकल एक्ट में मामला दर्ज
सीएसपी पड़ाव रॉबिन जैन ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। वाहन को जब्त कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन पुलिस की तत्परता से स्थिति नियंत्रण में रही। मामले की विस्तृत जांच जारी है।











