Gorakhpur News: गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में बुधवार शाम दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। गुलरिहा थाना क्षेत्र के अयोध्या प्रसाद चौहान टोला के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार लोग हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग झुलस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और विसर्जन के उत्सव का माहौल मातम में बदल गया।
जानकारी के मुताबिक, जंगल अयोध्या प्रसाद में स्थापित दुर्गा प्रतिमा को विसर्जन के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली से ले जाया जा रहा था। ट्रॉली में एक लंबी रॉड लगी हुई थी। रास्ते में ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में यह रॉड आ गई, जिससे ट्रॉली पर सवार लोग करंट की चपेट में आ गए।
बिजली सप्लाई शुरू होते ही हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि बिजली विभाग ने पहले बिजली आपूर्ति बंद कर रखी थी। इसी दौरान प्रतिमा लेकर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली रजही चौराहे पर पहुंची। आरोप है कि इसी बीच बिजली आपूर्ति दोबारा शुरू हो गई और ट्रॉली में लगी रॉड हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गई। इसके बाद ट्रॉली पर सवार लोगों को जोरदार करंट लगा। हादसे में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि 10 लोग झुलस गए।
Gorakhpur News: सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
Gorakhpur News: घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल हादसे के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए इस हादसे से इलाके में शोक का माहौल है।