Wednesday, September 30, 2026
Home Entertainment Entertainment: राजकुमार राव बने उज्ज्वल निकम, 26/11 की कानूनी लड़ाई की दिखेगी...

Entertainment: राजकुमार राव बने उज्ज्वल निकम, 26/11 की कानूनी लड़ाई की दिखेगी कहानी; इस दिन होगी रिलीज

Bollywood: राजकुमार राव की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम’ का ट्रेलर रिलीज हो चुका है। फिल्म की कहानी देश के चर्चित सरकारी वकील उज्ज्वल निकम के जीवन और उनके हाई-प्रोफाइल मुकदमों के इर्द-गिर्द बुनी गई है। ट्रेलर में खास तौर पर 26/11 मुंबई आतंकी हमले के बाद हुई कानूनी कार्रवाई और इस केस से जुड़े घटनाक्रमों की झलक देखने को मिलती है। फिल्म का ट्रेलर 29 सितंबर को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस पर लॉन्च किया गया, जो 26/11 हमले के प्रमुख निशानों में से एक था।

देवेंद्र फडणवीस भी शामिल हुए

ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी शामिल हुए। उन्होंने फिल्म के विषय और मेकर्स के प्रयासों की सराहना की। फडणवीस ने उज्ज्वल निकम के काम का जिक्र करते हुए कहा कि फिल्म दर्शकों के सामने उस कानूनी लड़ाई का एक महत्वपूर्ण पक्ष लेकर आएगी। उन्होंने राजकुमार राव को “अकॉम्प्लिश्ड एक्टर” बताते हुए कहा कि फिल्म सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे एक महत्वपूर्ण संदेश भी सामने आता है।

राजकुमार राव निभा रहे हैं उज्ज्वल निकम का किरदार

‘प्रहार’ में राजकुमार राव पहली बार उज्ज्वल निकम के किरदार को बड़े पर्दे पर निभाते दिखाई देंगे। फिल्म में 26/11 हमले के बाद अजमल कसाब के खिलाफ चले मुकदमे और उससे जुड़ी कानूनी चुनौतियों को कहानी का अहम हिस्सा बनाया गया है।

ट्रेलर में क्या दिखा

ट्रेलर में अदालत की कार्यवाही, जांच से जुड़े घटनाक्रम और केस को आगे बढ़ाने के दौरान आने वाली मुश्किलों की झलक मिलती है। फिल्म का उद्देश्य निकम के सफर के साथ उनकी निजी जिंदगी और उन परिस्थितियों को भी सामने लाना है, जिनसे गुजरते हुए उन्होंने बड़े मामलों को संभाला।

ऐसी है स्टारकास्ट

फिल्म में राजकुमार राव के साथ वामिका गब्बी, जयदीप अहलावत और सिकंदर खेर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। ललित प्रभाकर समेत कई कलाकार फिल्म का हिस्सा हैं। ‘प्रहार’ का निर्देशन अविनाश अरुण ने किया है, जबकि दिनेश विजान इसके निर्माता हैं। फिल्म 16 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here