पटना : बिहार में नई सरकार के गठन के बाद पुलिस एक्शन तेजी से बढ़ गया है। गृहमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा पदभार संभालने के अगले ही दिन राज्य सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सक्रिय दिखीं। इसी कड़ी में शनिवार सुबह बेगूसराय जिले में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। इस ऑपरेशन के दौरान कुख्यात अपराधी शिवदत्त राय के साथ मुठभेड़ हुई, जिसमें वह गोली लगने से घायल हो गया।
इनपुट मिला था कि हथियार खरीदने आया है कुख्यात बदमाश
सूत्रों के अनुसार STF को गुप्त सूचना मिली थी कि सरपंच के बेटे की हत्या के आरोपी और फरार चल रहे शिवदत्त राय की लोकेशन साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के मल्हीपुर और शालिग्राम गांव के पास है। सूचना यह भी थी कि वह अवैध हथियार खरीदने पहुंचा है। टीम तुरंत इलाके में पहुंच गई और स्थानीय थाना पुलिस को भी ऑपरेशन में शामिल किया गया।
दो बाइकों पर बैठे छह अपराधियों ने पुलिस को देखते ही की फायरिंग
जैसे ही STF और थाना पुलिस संभावित जगह पर पहुंची, दो मोटरसाइकिलों पर सवार करीब छह अपराधियों ने पुलिस को देखते ही अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दीं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें एक गोली शिवदत्त राय की जांघ में लगी और वह मौके पर गिर पड़ा। फायरिंग का फायदा उठाते हुए बाकी अपराधी अंधेरे में भागने में सफल रहे।
घायल शिवदत्त राय, जो तेघड़ा थाना क्षेत्र के बनहारा गांव निवासी राजकिशोर राय का बेटा है, को तुरंत बेगूसराय के सिविल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां वह पुलिस निगरानी में इलाज करा रहा है।
Read More : CG News: दुर्ग में मां और सौतेले पिता को 4 साल के बेटे की हत्या पर आजीवन कारावास
छापेमारी में मिला हथियारों का जखीरा, नकदी और कफ सिरप बरामद
वहीं पकड़े गए अपराधी से पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर पुलिस ने क्षेत्र में स्थित एक घर पर छापेमारी की। यहां से भारी मात्रा में अवैध हथियार, गोला-बारूद, नकदी और प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद हुए। पुलिस का कहना है कि बरामदगी के आधार पर इस नेटवर्क के पीछे काम कर रहे अन्य अपराधियों की पहचान भी की जा रही है।
आगे की कार्रवाई तेज, फरार अपराधियों की तलाश जारी
मामले पर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जो अपराधी मौके से फरार हुए हैं, उनकी तलाश के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। नई सरकार के गठन के साथ ही अपराधियों के खिलाफ कड़े एक्शन की शुरुआत हो चुकी है, और इस ऑपरेशन को उसी दिशा में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।











