Wednesday, August 19, 2026
Home Chhattisgarh Emergency Services: डायल-112 ‘नेक्स्ट जेन’ का रायगढ़ में आगाज, अब पुलिस, मेडिकल...

Emergency Services: डायल-112 ‘नेक्स्ट जेन’ का रायगढ़ में आगाज, अब पुलिस, मेडिकल और फायर ब्रिगेड की सेवाएं मिलेंगी एक साथ

Emergency Services: गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़। जिले में सुरक्षा, सेवा और सुशासन की व्यवस्था को और अधिक चाक-चौबंद बनाने की दिशा में प्रदेश सरकार द्वारा एक बड़ी सौगात दी गई है। छत्तीसगढ़ डायल-112 (फेज-2 नेक्स्ट जेन) के तहत रायगढ़ जिले को 16 अत्याधुनिक आपातकालीन रिस्पांस वाहन (ERV) मिले हैं। वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने पुराना पुलिस लाइन, रायगढ़ में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान इन आधुनिक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अब रायगढ़ के नागरिकों को किसी भी आपात स्थिति में बेहद तेज, सुरक्षित और प्रभावी सहायता मिल सकेगी, जो सुशासन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

एक ही नंबर पर मिलेंगी सात बड़ी आपातकालीन सेवाएं

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्री शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के कई प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। एसएसपी ने बताया कि इस नई एकीकृत व्यवस्था के माध्यम से अब आपातकालीन नंबर 112 का दायरा काफी बड़ा हो गया है। इसके तहत अब पुलिस, स्वास्थ्य सेवा (एम्बुलेंस) और दमकल (फायर ब्रिगेड) के साथ-साथ आपदा प्रबंधन, चाइल्ड हेल्पलाइन, महिला हेल्पलाइन तथा नेशनल हाईवे जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं को भी जोड़ दिया गया है। यानी अब नागरिकों को अलग-अलग नंबरों पर कॉल करने की जरूरत नहीं होगी, बल्कि एक ही प्लेटफॉर्म पर सारी सुविधाएं मिलेंगी।

पीटीजेड कैमरे और जीपीएस जैसी आधुनिक तकनीकों से लैस हैं गाड़ियां

परियोजना की तकनीकी खूबियों के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रायगढ़ को मिले ये सभी 16 वाहन बेहद हाईटेक हैं। इन गाड़ियों में लाइव निगरानी के लिए पीटीजेड (PTZ) कैमरा, डैश कैमरा, पल-पल की लोकेशन ट्रैक करने के लिए जीपीएस डिवाइस, मोबाइल डेटा टर्मिनल (MDT) और स्मार्ट मोबाइल फोन लगाए गए हैं। इन उपकरणों की मदद से जैसे ही कोई नागरिक सहायता के लिए फोन करेगा, कंट्रोल रूम तुरंत सबसे नजदीकी वाहन को घटनास्थल के लिए रवाना कर देगा। इस पूरी प्रणाली को बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए राजधानी रायपुर में एक अत्याधुनिक कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (C4) बनाया गया है।

कैबिनेट के फैसलों का असर अब धरातल पर: वित्त मंत्री

वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने इस योजना की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार के बड़े निर्णयों का परिणाम अब धरातल पर साफ दिखाई दे रहा है। इस नई शुरुआत से जहां एक ओर पुलिस को कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी, वहीं दूसरी ओर आम जनता का पुलिस की प्रतिक्रिया क्षमता पर भरोसा और मजबूत होगा। कार्यक्रम के समापन पर एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने संदेश दिया कि रायगढ़ पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए तकनीक आधारित आधुनिक पुलिसिंग को लगातार बढ़ावा दे रही है, जिससे आपातकालीन सेवाएं अधिक भरोसेमंद और तेज बनेंगी।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here