Saturday, September 5, 2026
Home Chhattisgarh Raigarh World Environment Day Gharghoda: डॉ भंवर सिंह पोर्ते महाविद्यालय में विश्व पर्यावरण...

World Environment Day Gharghoda: डॉ भंवर सिंह पोर्ते महाविद्यालय में विश्व पर्यावरण दिवस पर हुआ वृहद पौधरोपण

World Environment Day Gharghoda: गौरी शंकर गुप्ता/घरघोड़ा (रायगढ़)। शहीद नंद कुमार पटेल विश्वविद्यालय रायगढ़ से संबद्ध स्थानीय डॉ. भंवर सिंह पोर्ते कला, विज्ञान एवं वाणिज्य महाविद्यालय, घरघोड़ा में ५ जून विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भव्य पौधरोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह पूरा कार्यक्रम विश्वविद्यालय के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. रवींद्र चौबे एवं जिला संगठन भोज राम पटेल के निर्देशन में संपन्न हुआ। महाविद्यालय शासी निकाय समिति के अध्यक्ष अरुण कुमार पंडा के संरक्षण एवं संस्था के प्राचार्य डॉ. जगदीश तिर्की के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) के कार्यक्रम अधिकारी एस. एल. साहू के कुशल नेतृत्व में कॉलेज परिसर को हरा-भरा बनाने की मुहिम चलाई गई।

कार्यक्रम के दौरान कॉलेज परिसर में लीची, अमरूद, कटहल सहित विभिन्न प्रजातियों के फलदार और छायादार पौधे रोपे गए। इस दौरान एक अनूठी और प्रेरक मिसाल पेश करते हुए महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक अजय कुमार मिश्रा ने अपने जन्मदिन के अवसर पर स्वयं पौधरोपण किया। उन्होंने उपस्थित सभी प्राध्यापकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि हर व्यक्ति को अपने जीवन के विशेष अवसरों, जैसे जन्मदिन या अपने माता-पिता के नाम पर, अनिवार्य रूप से कम से कम एक पौधा लगाना चाहिए और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी उठानी चाहिए।

मुख्य वक्ता के रूप में छात्रों को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. जगदीश तिर्की और रासेयो कार्यक्रम अधिकारी एस. एल. साहू ने वर्तमान वैश्विक परिदृश्य पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आज पूरा विश्व जिस तरह से ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन के गंभीर संकट से जूझ रहा है, वह किसी से छुपा नहीं है। हमारा पर्यावरण लगातार गर्म और प्रदूषित हो रहा है, जिससे मानव जीवन के अस्तित्व पर खतरा मंडराने लगा है। ऐसे संकट के समय में हम सबकी यह सामूहिक जिम्मेदारी बनती है कि हम प्रकृति की रक्षा के लिए आगे आएं। केवल पौधा लगाना ही काफी नहीं है, बल्कि उसके रोपण से लेकर संवर्धन और पूरी तरह से वृक्ष बनने तक संरक्षण करने का संकल्प लेना होगा।

महाविद्यालय प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि यह संस्था प्रारंभ से ही पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपने सामाजिक और राष्ट्रीय दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करती आ रही है। इस सफल आयोजन की सराहना करते हुए शासी निकाय समिति के सदस्य विजय डनसेना ने सभी प्राध्यापकों और स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी समाज को जागरूक करने वाले ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर होते रहना चाहिए।

इस वृहद पौधरोपण अभियान में महाविद्यालय स्टाफ से रामप्यारे सूर्यवंशी, मोहित सिदार, मोनिका लकड़ा, पदमिनी भोय, तारा गुप्ता, रजनी सिदार, नैना टोप्पो, वंदना पोर्ते, दीपक ठाकुर, अंजू भगत और संगीता सहित रासेयो के स्वयंसेवकों में रूपेश, कृष्णा, राजेश, राहुल, लक्ष्मी, वर्षा, बिंदिया, लक्ष्मीप्रिय, जमुली, ऋतु, नंदिनी, मिथिला, पंकज, अनीता, अनुकंचन, पम्मी, सुमित, दोशांत और शुरुजना की सक्रिय उपस्थिति व श्रमदान सराहनीय रहा।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here