DPS Rajnandgaon Basketball Gold : राजनांदगांव। ‘संस्कारधानी’ राजनांदगांव के नाम एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। सर्वज्ञ राव बास्केटबॉल एकेडमी के खिलाड़ियों से सुसज्जित दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) राजनांदगांव की बालिका टीम ने 69वीं जूनियर स्कूल नेशनल बास्केटबॉल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर पूरे देश में छत्तीसगढ़ का परचम लहराया है।
फाइनल में महाराष्ट्र को चटाई धूल: सीबीएसई (CBSE) का प्रतिनिधित्व कर रही डीपीएस राजनांदगांव की टीम ने फाइनल मुकाबले में कड़ी टक्कर देते हुए महाराष्ट्र को 92-83 के अंतर से परास्त किया। इससे पहले सेमीफाइनल में टीम ने अपनी ही घरेलू टीम छत्तीसगढ़ को 48-22 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था।
69 साल बाद बना अनोखा रिकॉर्ड: स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) के 69 साल के इतिहास में यह पहली बार है जब किसी निजी स्कूल की टीम ने टीम गेम (बास्केटबॉल) में राष्ट्रीय स्वर्ण पदक जीता है। आमतौर पर यह पदक राज्यों की संयुक्त टीमों द्वारा जीता जाता था, लेकिन डीपीएस की इस एकल स्कूल टीम ने इस मिथक को तोड़ दिया।
जीत के सूत्रधार: इस ऐतिहासिक सफलता का श्रेय अंतर्राष्ट्रीय बास्केटबॉल प्रशिक्षक कालवा राजेश्वर राव और कालवा राधा राव के कुशल प्रशिक्षण को जाता है। ये खिलाड़ी रेवाडिह स्थित शासकीय स्कूल और एकेडमी के मैदान पर नियमित कड़ा अभ्यास करते हैं।
विजेता टीम के सितारे: स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम में रूमी कोनवर, अदिति कोडापे, सोफी सिका, काम्या झा अंजनी, आर्या विजय अवारे, प्रेरणा, पुजीता, केथरीना नाजारथ, मुग्धा राजगुरू और नंदनी माधो प्रधान ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया।
सफर रहा शानदार:
-
लीग मैच: केंद्रीय विद्यालय (50-23), डीएवी (58-12) और मणिपुर (45-02) को हराया।
-
क्वार्टर फाइनल: मध्य प्रदेश को 49-11 से मात दी।
-
सेमीफाइनल: छत्तीसगढ़ को 48-22 से पराजित किया।
-
फाइनल: महाराष्ट्र को हराकर गोल्ड पर कब्जा किया।
अंतर्राष्ट्रीय मंच पर भी पहचान: उल्लेखनीय है कि डीपीएस राजनांदगांव की यह टीम सिंगापुर में आयोजित एनबीए राइजिंग स्टार इंटरनेशनल प्रतियोगिता में भी हिस्सा ले चुकी है और पिछले साल राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक जीता था।
स्थान: राजनांदगांव रिपोर्टर: हेमंत वर्मा











