Tuesday, August 18, 2026
Home International Donald Trump Tariff Threat : ट्रंप की कनाडा को दो टूक: ‘चीन...

Donald Trump Tariff Threat : ट्रंप की कनाडा को दो टूक: ‘चीन से डील की तो हर कनाडाई सामान पर ठोकेंगे 100% टैरिफ’

Donald Trump Tariff Threat : वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को कनाडा और उसके प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए भारी टैरिफ लगाने की धमकी दी है। ट्रंप ने कहा कि यदि कनाडा चीन के साथ किसी भी तरह की ट्रेड डील (Trade Deal) करता है, तो अमेरिका में आयात होने वाले सभी कनाडाई प्रोडक्ट्स पर तत्काल 100 फीसदी टैरिफ लगा दिया जाएगा।

मजाक और चेतावनी का मिश्रण: ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में न केवल आर्थिक धमकी दी, बल्कि कनाडाई पीएम मार्क कार्नी का मजाक भी उड़ाया। उन्होंने कार्नी को प्रधानमंत्री के बजाय ‘गवर्नर’ कहकर संबोधित किया और तंज कसते हुए कहा कि वह तो चाहते हैं कि कनाडा अमेरिका का 51वां राज्य बन जाए। ट्रंप का यह बयान तब आया है जब कनाडा ने चीन से इलेक्ट्रिक वाहनों (EVs) के आयात को बढ़ाने की अनुमति देने के संकेत दिए हैं।

“चीन आपको निगल जाएगा”: ट्रंप ने कनाडा को आगाह करते हुए लिखा, “चीन कनाडा को जिंदा खा जाएगा और उसे पूरी तरह निगल जाएगा। इससे कनाडा का बिजनेस, सामाजिक ढांचा और जीवन शैली पूरी तरह तबाह हो जाएगी।” राष्ट्रपति ने साफ किया कि अमेरिका अपने उत्तरी पड़ोसी की इस ‘गलती’ का खामियाजा नहीं भुगतेगा। यदि कनाडा चीन के साथ हाथ मिलाता है, तो अमेरिका अपनी सीमाओं को व्यापारिक रूप से बंद कर देगा।

वैश्विक व्यापार पर असर: यह पहली बार नहीं है जब ट्रंप ने टैरिफ को हथियार बनाया हो। इससे पहले वे रूस से तेल खरीदने को लेकर भारत समेत कई अन्य देशों पर भी अतिरिक्त टैरिफ लगाने की बात कह चुके हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि ट्रंप की ‘अमेरिका फर्स्ट’ नीति और चीन विरोधी रुख के कारण उत्तर अमेरिकी मुक्त व्यापार संबंधों (USMCA) में दरार आ सकती है, जिसका असर वैश्विक बाजारों पर पड़ना तय है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here