pending payments : बीजापुर। बस्तर संभाग में CRMC (नक्सल क्षेत्र प्रोत्साहन राशि) के 11 महीनों से लंबित भुगतान को लेकर स्वास्थ्यकर्मियों का विरोध आज गंभीर मोड़ पर पहुंच गया। जिला अस्पताल बीजापुर के डॉक्टरों ने मृत नक्सलियों के शवों का पोस्टमार्टम करने से इंकार कर दिया, जिससे प्रशासन में हलचल मच गई।
सूत्रों के अनुसार डॉक्टरों ने यह कदम गहरी नाराजगी और मनोबल टूटने की स्थिति में उठाया। डॉक्टरों का कहना है कि जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में काम करने के बावजूद सरकार प्रोत्साहन राशि जारी नहीं कर रही है। प्रति डॉक्टर लगभग 2.5–3 लाख रुपए और प्रति नर्स 30–40 हज़ार रुपए की राशि पिछले 11 महीनों से लंबित है।
जिला प्रशासन ने तत्काल हस्तक्षेप किया और डॉक्टरों को आश्वासन दिया कि CRMC राशि 11 दिसंबर 2025 तक जारी कर दी जाएगी। इसके बाद डॉक्टरों ने जनहित को देखते हुए पोस्टमार्टम पुनः प्रारंभ किया।
pending payments इस आंदोलन की शुरुआत नारायणपुर से हुई थी और अब यह दंतेवाड़ा, कोंडागांव, सुकमा, बीजापुर और जगदलपुर तक फैल चुका है। स्वास्थ्यकर्मियों ने आज से शाम की OPD सेवाएँ बंद कर दी हैं, जबकि आपातकालीन सेवाएँ पहले की तरह जारी रहेंगी।
डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि यदि 11 दिसंबर तक लंबित भुगतान नहीं हुआ, तो उनका आंदोलन और अधिक तीव्र होगा। इस बीच प्रशासन ने चिकित्सकों को भरोसा दिलाया है कि राशि समय पर जारी की जाएगी, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं पर असर न पड़े।













