डॉक्टर या दरिंदा? बुजुर्ग के साथ की ऐसी हरकत, जिसने सबको झकझोर दिया

Parivesh
डॉक्टर या दरिंदा बुजुर्ग के साथ की ऐसी हरकत

छतरपुर: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से एक हैरान कर देने वाली और शर्मनाक घटना सामने आई है, जिसने स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिला अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे 77 वर्षीय बुजुर्ग मरीज के साथ एक डॉक्टर द्वारा की गई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसने लोगों में आक्रोश फैला दिया है।

घटना 17 अप्रैल 2025 को सुबह 11:30 बजे की बताई जा रही है, जब उधो लाल जोशी नामक बुजुर्ग मरीज जिला अस्पताल की ओपीडी संख्या 14 में इलाज के लिए पहुंचे थे। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर राजेश मिश्रा उस समय अन्य मरीजों को देख रहे थे। जैसे ही बुजुर्ग ने इंतजार करते हुए अपनी बारी जल्दी आने की बात कही, डॉक्टर का पारा चढ़ गया और बात बहस में बदल गई।

डॉक्टर ने अपना आपा खोते हुए न केवल बुजुर्ग से बदसलूकी की, बल्कि एक अन्य अस्पताल कर्मचारी के साथ मिलकर उन्हें घसीटते हुए बाहर निकाला और थप्पड़ मारे। इस दौरान अस्पताल में मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब वायरल हो चुका है।

वीडियो सामने आने के बाद जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. जीएल अहिरवार ने बयान देते हुए कहा, “पहले बताया गया था कि मरीज द्वारा बदतमीजी की गई थी, इसलिए जांच समिति गठित की गई थी। लेकिन वीडियो सामने आने के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि डॉक्टर राजेश मिश्रा ने खुद मारपीट की है। साथ ही रेड क्रॉस का एक कर्मचारी भी घटना में शामिल नजर आ रहा है।”

प्रशासन ने डॉक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और टर्मिनेशन की कार्रवाई शुरू करने की बात कही है। स्वास्थ्य महकमे में इस घटना को लेकर हड़कंप मचा हुआ है। इस शर्मनाक घटना ने एक बार फिर चिकित्सा सेवा में संवेदनशीलता और जवाबदेही की आवश्यकता को उजागर किया है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *