Dawood Ibrahim Drug Syndicate : मुंबई/गोवा : नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के ड्रग्स सिंडिकेट को एक बड़ा झटका दिया है। दाऊद के बेहद करीबी गुर्गे दानिश मर्चेंट, जो दानिश चिकना के नाम से कुख्यात है, को गोवा से गिरफ्तार कर लिया गया है। दानिश मुंबई के डोंगरी इलाके में दाऊद की ड्रग्स फैक्ट्री का संचालन करता था और भारत में उसके व्यापक ड्रग नेटवर्क को संभालता था।
Dawood Ibrahim Drug Syndicate : डोंगरी कनेक्शन और ‘सब्जी की दुकान’ की आड़
दानिश चिकना दाऊद के खास आदमी यूसुफ चिकना का बड़ा बेटा है और डॉन के साथ उसके सीधे संबंध हैं। उसकी गिरफ्तारी NCB मुंबई द्वारा की गई है।
इससे पहले भी, 2019 में NCB ने डोंगरी में दाऊद की जिस करोड़ों की ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था, वह कथित तौर पर दानिश द्वारा ही संचालित की जा रही थी। यह फैक्ट्री चालाकी से सब्जी की दुकान की आड़ में चलाई जा रही थी। हालांकि, पहले कई बार गिरफ्तार होने के बावजूद, दानिश जेल से बाहर आकर फिर से इस कारोबार को मैनेज करने लगता था।
पूछताछ में बड़े खुलासे की उम्मीद
पुलिस और NCB लंबे समय से दानिश की तलाश में थी, जो हर बार चकमा देने में कामयाब हो जाता था। गोवा में हुई यह गिरफ्तारी जांच एजेंसियों के लिए एक बड़ी सफलता है।
दानिश चिकना को अब गोवा से मुंबई लाया जाएगा, जहाँ उससे दाऊद के पूरे ड्रग कारोबार के नेटवर्क, फंडिंग और देश भर में फैले उसके ड्रग्स सिंडिकेट के बारे में गहन पूछताछ की जाएगी। ऐसा माना जा रहा है कि इस पूछताछ में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं, जिससे दाऊद के अवैध कारोबार की जड़ों तक पहुँचा जा सकेगा।













