Crime Branch Indore : इंदौर। क्राइम ब्रांच इंदौर ने शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने ₹5,000 के इनामी फरार आरोपी रेहान खान को गिरफ्तार किया है, जो अवैध मादक पदार्थ “MD” (मेफेड्रोन) ड्रग्स की तस्करी से जुड़ा हुआ था।
क्राइम ब्रांच को मुखबिर की गोपनीय सूचना और अन्य तकनीकी विश्लेषणों के आधार पर आरोपी रेहान खान (निवासी प्रतापगढ़, राजस्थान) की लोकेशन का पता चला। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की टीम ने तुकोगंज क्षेत्र में दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
Crime Branch Indore : पूछताछ में आरोपी रेहान खान ने खुलासा किया कि वह स्वयं भी नशे के आदी लोगों को यह मादक पदार्थ सस्ते दामों में खरीदकर महंगे दामों में बेचता था ताकि अवैध लाभ कमाया जा सके। उसने यह भी बताया कि उसके गृह क्षेत्र प्रतापगढ़ (राजस्थान) में कई लोग इस अवैध तस्करी में शामिल हैं।
यह कार्रवाई उस बड़े मामले की कड़ी है, जिसमें क्राइम ब्रांच ने इससे पहले 255 ग्राम MD ड्रग्स के साथ दो मुख्य आरोपी— नसीब खान और साहिल मंसूरी—को गिरफ्तार किया था। उन्हीं आरोपियों से की गई पूछताछ में रेहान खान सहित अन्य फरार तस्करों के नाम सामने आए थे।
Crime Branch Indore : इंदौर क्राइम ब्रांच के एडिशनल डीसीपी, राजेश दंडोतिया ने बताया कि क्राइम ब्रांच की टीमें शहर में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ लगातार गोपनीय रूप से आसूचना जुटाकर कार्रवाई कर रही हैं। डीसीपी द्वारा अन्य गंभीर मामलों में फरार चल रहे कई तस्करों पर ₹10-10 हजार का इनाम भी घोषित किया गया है।











