कूच बिहार: पश्चिम बंगाल के कूच बिहार जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। दिनहाटा क्षेत्र में पुलिस ने नरभक्षण (Cannibalism) से जुड़ा एक दुर्लभ और खौफनाक अपराध उजागर किया है। इस मामले में पुलिस ने फिरदौस आलम नाम के युवक को एक अज्ञात बुजुर्ग की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है।
श्मशान घाट के पास रह रहा था बुजुर्ग
यह घटना दिनहाटा ब्लॉक-2 के शुकरुकुटी ग्राम पंचायत अंतर्गत थोराखाना गांव की है। पुलिस के अनुसार, मृतक एक बेसहारा बुजुर्ग था, जो करीब एक साल से गांव से कुछ दूरी पर स्थित श्मशान घाट के पास रह रहा था।
मेले का फायदा उठाकर रची वारदात
शनिवार को गांव के पास मेला लगा हुआ था, जिससे अधिकतर ग्रामीण वहां व्यस्त थे। इसी मौके का फायदा उठाकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। आरोप है कि नशे की हालत में फिरदौस आलम ने धारदार हथियार से बुजुर्ग की गर्दन और गले पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
Read More : Big News : गिग वर्कर्स की सुरक्षा को लेकर सरकार का बड़ा फैसला! हटे 10 मिनट डिलीवरी के दावे
हत्या के बाद भी नहीं रुकी हैवानियत
हत्या के बाद आरोपी शव को पास के ट्यूबवेल तक ले गया, वहां खून के निशान धोए और फिर शव को एक तालाब के किनारे छिपा दिया। 10 जनवरी को ग्रामीणों ने तालाब के पास शव देखा, जिसके बाद इलाके में दहशत फैल गई।
पोस्टमार्टम और कबूलनामा
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गर्दन और गले पर गहरे कट के साथ दांतों के निशान पाए गए। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह शव के अंग धोकर रात में खाने की योजना बना रहा था।
पुलिस हिरासत में आरोपी
दिनहाटा के एसडीपीओ धीमान मित्रा ने इसे बेहद दुर्लभ और गंभीर मामला बताया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे 4 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।











