CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में आज से मानसून पड़ेगा सुस्त, बारिश में आएगी कमी; रायपुर में 32°C तक पहुंचेगा तापमान

Anuj Nirala

CG Weather Today: रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश के दौर के बीच अब मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार 14 सितंबर से प्रदेश में मानसून की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। अगले 24 घंटे के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, लेकिन इसके बाद बारिश की तीव्रता में धीरे-धीरे कमी आने के आसार हैं। बारिश कम होने के साथ ही प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान बढ़ सकता है।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। वहीं बस्तर संभाग के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अब तक मौसमी बारिश सामान्य के करीब रही है और सामान्य से करीब 4 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।

आज से मानसून की रफ्तार पर लगेगा ब्रेक

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 14 सितंबर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ सकती हैं। अगले 24 घंटे में प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।हालांकि बारिश पूरी तरह बंद नहीं होगी। कुछ क्षेत्रों में स्थानीय मौसम परिस्थितियों के कारण बारिश जारी रह सकती है, लेकिन प्रदेश स्तर पर मानसून की सक्रियता में कमी आने के संकेत हैं।बारिश की तीव्रता घटने के साथ दिन के तापमान में भी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। इससे उमस का असर कुछ क्षेत्रों में बढ़ सकता है।

Read More: Kawardha NH 30 Repair: गड्ढों से बेहाल रायपुर-जबलपुर मार्ग पर उतरे विजय शर्मा, अधिकारियों की लगाई क्लास

रायपुर में 32 डिग्री तक पहुंचेगा पारा

राजधानी रायपुर में 14 सितंबर को आसमान सामान्यतः मेघमय रहने की संभावना जताई गई है। शहर में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने के साथ राजधानी में तापमान बढ़ने की संभावना है। ऐसे में दिन के समय उमस और गर्मी का असर लोगों को महसूस हो सकता है।

बस्तर संभाग में सबसे ज्यादा बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान बस्तर संभाग के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। बड़े बचेली और कोंटा में 8-8 सेंटीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा कटेकल्याण में 7 सेंटीमीटर और सुकमा में 6 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

फरसगांव, कुटरू और साल्हेवार में 5-5 सेंटीमीटर बारिश हुई। वहीं बारसूर, औंधी, धनोरा, कांकेर और कुआकोंडा में 4-4 सेंटीमीटर पानी दर्ज किया गया।डौंडी, छुईखदान, भैरमगढ़, गंडई, छुरिया, मैनपुर, बेलगहना, दंतेवाड़ा, मर्दापाल, अंबागढ़ चौकी, दरभा और बीजापुर समेत कई इलाकों में करीब 3-3 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

प्रदेश में सामान्य से 4% कम बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार छत्तीसगढ़ में अब तक मानसूनी बारिश सामान्य के आसपास रही है। प्रदेश में मौसमी बारिश सामान्य से करीब 4 प्रतिशत कम दर्ज की गई है।हालांकि अलग-अलग संभागों और जिलों में बारिश का वितरण एक जैसा नहीं रहा है। कहीं लगातार बारिश हुई है तो कुछ इलाकों में अपेक्षाकृत कम पानी गिरा है।

Read More: Ambikapur Crime: तेरा बाप पुलिस वाला है तो क्या कर लेगा, बेल्ट-कड़े से IPS के बेटे की पिटाई का मामला, आरोपियों की शहर में निकाला जुलूस

बारिश कम होते ही बढ़ सकता है तापमान

मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में मानसून की गतिविधियों में कमी का सीधा असर तापमान पर देखने को मिल सकता है। बारिश और बादलों की कमी के कारण दिन के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।फिलहाल अगले 24 घंटे प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है, लेकिन 14 सितंबर से मानसून की चाल सुस्त पड़ने के संकेत हैं। ऐसे में बारिश से राहत मिलने के साथ तापमान बढ़ने का दौर शुरू हो सकता है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *