CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में पिछले दो दिनों से बदले मौसम का असर अब धीरे-धीरे कम होने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का बचा हुआ हिस्सा दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे लगे दक्षिण ओडिशा के ऊपर अवदाब के रूप में सक्रिय है। मौसम विभाग के अनुसार, यह सिस्टम उत्तर दिशा की ओर बढ़ रहा है और इसके कमजोर होकर कम दबाव के क्षेत्र में बदलने की संभावना है। हालांकि, इसका असर पूरी तरह खत्म होने से पहले प्रदेश के कई इलाकों में आज भी बारिश हो सकती है।
कमजोर होगा मौसम सिस्टम, लेकिन बारिश से राहत नहीं
मौसम विभाग के मुताबिक, अवदाब करीब 18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर दिशा की ओर आगे बढ़ रहा है। गुरुवार सुबह 8:30 बजे इसका केंद्र जगदलपुर से लगभग 40 किलोमीटर उत्तर-उत्तर-पश्चिम में स्थित था।
अनुमान है कि यह सिस्टम आगे बढ़ते हुए 30 अक्टूबर की सुबह तक कमजोर होकर उत्तरी छत्तीसगढ़ और उससे लगे उत्तर-पश्चिम ओडिशा के ऊपर स्पष्ट कम दबाव के क्षेत्र में बदल सकता है। इसके कमजोर पड़ने के साथ ही प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर सहित प्रदेश के अनेक स्थानों पर आज बारिश होने के आसार हैं। उत्तर छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।
राजधानी रायपुर में आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रह सकता है। शहर में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। रायपुर का अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
दुर्ग में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान, पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम
गुरुवार को चक्रवात के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। वहीं कुछ स्थानों पर अच्छी वर्षा दर्ज की गई। मौसम के आंकड़ों के अनुसार, दुर्ग में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इन इलाकों में हुई सबसे ज्यादा बारिश
वर्षा के आंकड़ों के मुताबिक, सुकमा, कोंटा, नेरहरपुर और पिथौरा में 7 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं तोकापाल, दोरनापाल, बड़ेराजपुर, केशकाल, छिंदगढ़, कांकेर, कुकरेल, बलरामपुर, नगरी, बसना, सरोना, कटेकल्याण, बेलरगांव, राजिम, कुसमी, धमतरी, अमलीपदर, प्रेमनगर, देवभोग, मैनपुर, फरसगांव, गादीरास और बागबाहरा में 5 से 6 सेंटीमीटर तक वर्षा हुई।
Read More: Balrampur Bus Accident: बलरामपुर में निर्माणाधीन सड़क पर पलटी यात्री बस, मची चीख-पुकार
इसके अलावा माकड़ी, चारामा, सरायपाली, राजनांदगांव, पलारी, पेंड्रा रोड, मुकडेगा, करपावंड, लोहांडीगुड़ा, गुरुर, नानगुर, पथरिया, रायपुर, धनोरा, बलौदा, अर्जुन्दा, हसौद, छुरा और गरियाबंद में करीब 4 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
आज भी सतर्क रहने की जरूरत
मौसम सिस्टम के कमजोर होने के बावजूद प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी हुई है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचना चाहिए। मौसम विभाग के ताजा अपडेट पर नजर रखना भी जरूरी है।