Chhattisgarh State Sahu Sangh: तकनीक, नवाचार और उन्नत कृषि की ओर साहू समाज का कदम : आईटी सेल एवं किसान प्रकोष्ठ की संयुक्त बैठक संपन्न

Sanjay Sahu
Chhattisgarh State Sahu Sangh

Chhattisgarh State Sahu Sangh: रामकुमार भारद्वाज /रायपुर :- छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ को आधुनिक, संगठित और आत्मनिर्भर समाज की दिशा में आगे बढ़ाने की पहल के तहत आई.टी. सेल प्रकोष्ठ एवं किसान प्रकोष्ठ की संयुक्त प्रथम बैठक का आयोजन श्री भामाशाह छात्रावास, साहू कॉम्प्लेक्स, टिकरापारा, रायपुर स्थित प्रदेश साहू संघ कार्यालय में किया गया। बैठक में सामाजिक संगठन को तकनीक, नवाचार, उन्नत कृषि और आधुनिक सोच से जोड़ने को लेकर महत्वपूर्ण एवं सार्थक चर्चा हुई।

बैठक में आई. टी. सेल प्रकोष्ठ द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से समाज की गतिविधियों, उपलब्धियों एवं सकारात्मक संदेशों को आधुनिक और प्रभावी तरीके से जन-जन तक पहुंचाने, डिजिटल प्लेटफॉर्म पर नए नवाचार अपनाने तथा समाज को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने पर विचार-विमर्श किया गया। वहीं किसान प्रकोष्ठ द्वारा उन्नत एवं आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर समाज के किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीरेंद्र साहू ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को नवीन दायित्व के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक कार्यों में सक्रियता, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने विभिन्न सामाजिक विषयों पर चर्चा करते हुए परिवार संस्कार कार्यशाला की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया तथा पदाधिकारियों से समाज को अधिक सशक्त, संस्कारित, संगठित एवं प्रभावी बनाने के लिए मिलकर कार्य करने की अपील की।

कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष साधना साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. तिलक साहू, प्रदेश महामंत्री चित्रलेखा साहू, प्रदेश संयुक्त सचिव प्रदीप साहू, आई.टी. सेल प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक द्वारिका साहू, किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक चोवाराम साहू, सुखुराम साहू, सेवन साहू, भरत साहू, राम साहू सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि समाज की प्रगति केवल परंपराओं को सहेजने से नहीं, बल्कि समय के साथ तकनीक, शिक्षा, रोजगार, कृषि और नवाचार को अपनाने से संभव है। आई.टी. सेल और किसान प्रकोष्ठ जैसे विषय-आधारित प्रकोष्ठ समाज की प्रतिभाओं और संसाधनों को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन आई.टी. सेल प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रभारी महामंत्री मनीष कुमार साहू तथा कार्यक्रम का संचालन किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश महामंत्री बल्ला साहू ने किया।

Chhattisgarh State Sahu Sangh: बैठक के अंत में दोनों प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने, समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं एवं सकारात्मक गतिविधियों को पहुंचाने तथा संगठित, संस्कारित, तकनीकी रूप से सक्षम और आत्मनिर्भर समाज के निर्माण के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *