Chhattisgarh Rain Alert: रायपुर। छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर लगातार जारी है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। वहीं, कुछ इलाकों में भारी से बेहद भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। लगातार बारिश के कारण कई जिलों में नदी-नाले उफान पर हैं और आवागमन प्रभावित हुआ है।
मनेंद्रगढ़ में पुलिया टूटी, MP से संपर्क प्रभावित
मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले के कोटाडोल क्षेत्र में लगातार बारिश के चलते खिरकी नाला पर बनी पुलिया टूट गई। पुलिया क्षतिग्रस्त होने के कारण कोटाडोल को मध्यप्रदेश से जोड़ने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। इससे दोनों राज्यों के बीच आवागमन प्रभावित हुआ है।
मैनपाट में नदी के तेज बहाव में युवक की मौत
सरगुजा के मैनपाट में घूमने पहुंचे रायपुर के एक युवक और युवती के साथ हादसा हो गया। दोनों बाइक समेत घुनघुट्टा नदी के तेज बहाव में बह गए। उनकी आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे एक व्यक्ति ने रस्सी की मदद से युवती को बचा लिया।
बताया गया कि युवती करीब एक किलोमीटर तक बह गई थी। व्यक्ति ने रस्सी फेंककर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन युवक तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गया। रविवार सुबह उसका शव घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर नदी किनारे मिला। मामला कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र का है।
कोरबा में दादर नाला उफान पर, स्कॉर्पियो पानी में डूबी
लगातार बारिश के कारण कोरबा शहर का दादर नाला भी उफान पर है। शनिवार सुबह नाला पार करने के दौरान एक स्कॉर्पियो तेज बहाव में डूब गई। वाहन में सवार तीन दोस्तों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। करीब आधे घंटे बाद वाहन को भी बाहर निकाल लिया गया।
कनकी-सर्वमंगला मार्ग पर मलबा आने से यातायात प्रभावित
कनकी-सर्वमंगला मुख्य मार्ग पर एसईसीएल कुसमुंडा की डंपिंग का मलबा बहकर सड़क पर आ गया। इससे पूरा मार्ग मिट्टी और कीचड़ से भर गया। इस दौरान एक कार और यात्री बस मलबे में फंस गई। कार काफी हद तक मिट्टी में दब गई, जबकि बस के पहिए फंस गए। राहत की बात रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
कई इलाकों में घरों में घुसा बारिश का पानी
लगातार बारिश के कारण कोरबा के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। अमरैया पारा में लोगों के घरों और किचन तक गंदा पानी पहुंच गया। वहीं, शारदा विहार अटल आवास में भी 12 से ज्यादा घरों में पानी भरने की जानकारी सामने आई है।
मॉडमसिल्ली बांध का ऑटोमेटिक गेट खुला
धमतरी जिले में लगातार बारिश के चलते एशिया के पहले ऑटोमेटिक साइफन बांध मॉडमसिल्ली का गेट खुल गया है। बांध का जलस्तर 98.82 प्रतिशत तक पहुंचने के बाद गेट सक्रिय हो गया। इस बांध में जलभराव 100 प्रतिशत होने पर गेट अपने आप खुलने की व्यवस्था है।
जलस्तर बढ़ने को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।
रायपुर में दिनभर बादल और रुक-रुककर बारिश
राजधानी रायपुर में रविवार को दिनभर बारिश होती रही और रात में भी बारिश का दौर जारी रहा। सोमवार सुबह भी शहर में रुक-रुककर बारिश होती रही। मौसम विभाग के अनुसार रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
बिलासपुर सबसे गर्म, जगदलपुर में सबसे कम तापमान
पिछले 24 घंटे के दौरान बिलासपुर में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, जगदलपुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
अगले दो दिन भी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान
Chhattisgarh Rain Alert: मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने और नदी-नालों के पास जाने से बचने की अपील की है।





