रायपुर/नई दिल्ली: देश में पहली बार खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का आयोजन होने जा रहा है, जिसकी मेजबानी छत्तीसगढ़ राज्य करेगा। यह ऐतिहासिक खेल आयोजन 14 फरवरी 2026 से शुरू होगा। इस आयोजन के जरिए जनजातीय समुदाय की खेल प्रतिभाओं, संस्कृति और पारंपरिक खेलों को राष्ट्रीय पहचान मिलेगी।
दिल्ली में केंद्रीय खेल मंत्री से मिले मुख्यमंत्री
इस महत्वपूर्ण आयोजन को लेकर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया से सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने उन्हें खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया।
आज नई दिल्ली में केंद्रीय श्रम, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ मनसुख मांडविया जी से सौजन्य भेंट कर प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स–2026 के आयोजन को लेकर सार्थक चर्चा हुई।
इन प्रतिष्ठित खेलों की मेजबानी छत्तीसगढ़ को मिलना पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। 14 फरवरी को रायपुर… pic.twitter.com/fm9FnIuhWL
— Vishnu Deo Sai (@vishnudsai) January 2, 2026
केंद्र सरकार के सहयोग के लिए जताया आभार
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलों को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया योजना के तहत प्रस्तावित ट्राइबल गेम्स जनजातीय गौरव, परंपरा और प्रतिभा को एक सशक्त मंच प्रदान करेंगे।
कई खेलों की होंगी प्रतियोगिताएं
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के अंतर्गत एथलेटिक्स, तीरंदाजी, कुश्ती, वेटलिफ्टिंग, हॉकी, फुटबॉल और तैराकी जैसे प्रमुख खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। ये प्रतियोगिताएं छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में होंगी, जबकि रायपुर और बिलासपुर को मुख्य आयोजन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है।
14 फरवरी को रायपुर में होगा शुभारंभ
मुख्यमंत्री ने बताया कि खेलों का औपचारिक शुभारंभ 14 फरवरी 2026 को रायपुर में प्रस्तावित है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री की उपस्थिति को आयोजन की सफलता के लिए महत्वपूर्ण बताया।
केंद्र का हरसंभव सहयोग
केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने छत्तीसगढ़ सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन जनजातीय खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का बड़ा अवसर देगा। उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।











