अवैध अप्रवासियों और किराएदारों की चेकिंग, 589 लोगों की जांच

Parivesh
अवैध अप्रवासियों और किराएदारों की चेकिंग, 589 लोगों की जांच

भिलाई, 10 मई 2025: भिलाई के शारदापारा छावनी, केएलसी खुर्सीपार और जोन-3 खुर्सीपार क्षेत्रों में पुलिस ने शनिवार सुबह अवैध अप्रवासियों और बिना सूचना रह रहे किराएदारों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। इस दौरान कुल 589 लोगों की पहचान और दस्तावेजों की गहन जांच की गई। नगर पुलिस अधीक्षक सत्य प्रकाश तिवारी के नेतृत्व में शारदापारा छावनी में 200 लोगों की आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों की जांच की गई। यहां पश्चिम बंगाल, बिहार (किशनगंज) और झारखंड से आए कई लोग किराए के मकानों में रह रहे पाए गए। 70 लोगों के फिंगरप्रिंट लिए गए।

केएलसी खुर्सीपार में नगर पुलिस अधीक्षक हरीश पाटिल और जोन-3 खुर्सीपार में उप अधीक्षक हेम प्रकाश नायक के नेतृत्व में 389 लोगों की जांच की गई, जिसमें से 74 लोगों के फिंगरप्रिंट लिए गए। जांच का फोकस बाहरी राज्यों से आए व्यक्तियों, संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त लोगों और भिलाई इस्पात संयंत्र में ठेका श्रमिक के रूप में काम कर रहे लोगों पर था। सभी के आधार, राशन कार्ड, और पहचान पत्र की क्रॉस वेरिफिकेशन के साथ जांच की गई। कुल 154 व्यक्तियों का डाटा बेस तैयार करने के लिए फिंगरप्रिंट लिया गया।

पुलिस की अपील:
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अपने किराएदारों का पूरा विवरण किराएदार फार्म के साथ नजदीकी थाना या चौकी में अनिवार्य रूप से जमा करें। अगर मकान मालिक ऐसा नहीं करते हैं या किराएदार किसी आपराधिक गतिविधि में लिप्त पाया जाता है, तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान शहर में सुरक्षा बढ़ाने और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के उद्देश्य से चलाया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आगे भी इस तरह की जांच जारी रहेगी।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *