CG Weather Today: रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और इसका असर प्रदेश के अधिकांश जिलों में देखने को मिल रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे नदी-नाले उफान पर हैं। राजधानी रायपुर में भी रविवार दोपहर झमाझम बारिश हुई। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के उत्तरी और मध्य हिस्सों में कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है।
कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज
CG Weather Today: मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में मनेन्द्रगढ़ में सबसे अधिक 8 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा बिल्हा और मैनपुर में 7-7 सेंटीमीटर, पटना में 6 सेंटीमीटर, जबकि मुंगेली, गरियाबंद, जनकपुर-भरतपुर, रामानुजगंज, बैकुंठपुर, लोरमी, लालपुर थाना, मगरलोड और चिरमिरी में 5-5 सेंटीमीटर बारिश दर्ज हुई।
READ MORE: CG News: रायपुर में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, गुत्थी सुलझाने उतरी 8 सदस्यीय SIT, जांच तेज
नगरी, कुकरेल, रतनपुर, हरदीबाजार, पथरिया, मुकडेगा, बलौदा बाजार, पलारी और भाटापारा में 4 सेंटीमीटर, जबकि कुकदुर, मनोरा, पेंड्रा रोड, खड़गवां, कापू, कोंटा, सिमगा, पौड़ी उपरोड़ा, धमतरी, दर्री, बोदरी, मस्तूरी, बीजापुर, पिथौरा और सकरी में 3 सेंटीमीटर तक बारिश रिकॉर्ड की गई।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
CG Weather Today: सोमवार को राजधानी रायपुर में मौसम सुहावना बने रहने की संभावना है। पूरे दिन आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
इन मौसम प्रणालियों से बढ़ी बारिश की गतिविधियां
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार झारखंड और उससे सटे बिहार के ऊपर समुद्र तल से लगभग 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा उत्तरी बिहार से उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक एक द्रोणिका सक्रिय है। वहीं उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और दक्षिणी छत्तीसगढ़ के ऊपर भी ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में अगले दो दिनों तक हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।
इन जिलों के लिए जारी हुआ ऑरेंज अलर्ट
CG Weather Today: मौसम विभाग ने राजनांदगांव, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
रायपुर समेत कई जिलों में येलो अलर्ट
CG Weather Today: इसके अलावा रायपुर, धमतरी, बालोद, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, दुर्ग, उत्तर बस्तर कांकेर, जशपुर सहित 20 से अधिक जिलों में अगले कुछ घंटों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां हल्की से मध्यम बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के पास सावधानी बरतने और मौसम संबंधी आधिकारिक अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।







