MP Weather Update: मध्य प्रदेश में बारिश की रफ्तार पड़ी धीमी, 3 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; भोपाल-इंदौर समेत 47 जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी

Anuj Nirala

MP Weather Update: भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की रफ्तार एक बार फिर धीमी पड़ गई है। पिछले करीब 12 दिनों से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में व्यापक बारिश नहीं होने के कारण वर्षा का आंकड़ा लगातार गिरता जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अब तक सामान्य से 16 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि जुलाई के अंतिम सप्ताह में नया मौसम तंत्र सक्रिय होने के बाद प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।

3 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 47 जिलों में गरज-चमक के आसार

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दमोह, मंडला और डिंडोरी जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं भोपाल, इंदौर सहित 47 जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और बिजली कड़कने के समय खुले स्थानों में जाने से बचने की सलाह दी है।

16 प्रतिशत कम हुई बारिश, बढ़ी किसानों की चिंता

MP Weather Update: प्रदेश में अब तक 261.4 मिलीमीटर (करीब 10.3 इंच) वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जबकि इस समय तक 311.8 मिलीमीटर (करीब 12.3 इंच) बारिश होनी चाहिए थी। यानी सामान्य की तुलना में प्रदेश में करीब 16 प्रतिशत कम वर्षा हुई है।

MP UCC Bill: MP में UCC लागू करने की तैयारी तेज मोहन यादव कैबिनेट ने यूनिफॉर्म सिविल कोड विधेयक-2026 को दी मंजूरी, अब विधानसभा में होगी ऐतिहासिक बहस

सबसे अधिक असर पूर्वी मध्य प्रदेश में देखने को मिला है, जहां सामान्य से 23 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। इसका असर खरीफ फसलों और खेती-किसानी पर भी पड़ने लगा है।

देवास सबसे आगे, आलीराजपुर सबसे पीछे

बारिश के आंकड़ों के अनुसार देवास जिला प्रदेश में सबसे आगे बना हुआ है, जहां सामान्य से 102 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है। वहीं आलीराजपुर सबसे पीछे है, जहां अब तक 74 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में नया सिस्टम बनने के बाद वर्षा की स्थिति में सुधार होगा।

प्रदेश के 39 जिलों में अब भी सामान्य से कम बारिश

MP Weather Update: मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के 39 जिलों में अब तक सामान्य से कम वर्षा दर्ज की गई है। इनमें जबलपुर, अनूपपुर, बालाघाट, विदिशा, छतरपुर, छिंदवाड़ा, दमोह, डिंडोरी, कटनी, मैहर, मंडला, मऊगंज, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, पन्ना, रीवा, सागर, सतना, सिवनी, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़, उमरिया, आलीराजपुर, अशोकनगर, बड़वानी, बैतूल, दतिया, धार, गुना, झाबुआ, मुरैना, नर्मदापुरम, रायसेन, रतलाम, शाजापुर, श्योपुर और शिवपुरी शामिल हैं।

Jabalpur Development: बारिश बनी परीक्षा, लेकिन नहीं थमा विकास का संकल्प जबलपुर उत्तर-मध्य विधानसभा में ₹75 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन, विधायक अभिलाष पांडे बोले—जनता की सुविधा हमारी पहली प्राथमिकता

जुलाई के अंतिम सप्ताह में अच्छी बारिश की उम्मीद

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फिलहाल प्रदेश में हल्की बारिश का दौर जारी रहेगा, लेकिन जुलाई के अंतिम सप्ताह में बंगाल की खाड़ी से नया मौसम तंत्र सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में तेज और व्यापक बारिश हो सकती है, जिससे वर्षा की कमी काफी हद तक पूरी होने की उम्मीद है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *