रोशन सेन/माकड़ी। पटेल पारा, माकड़ी में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के दूसरे सीजन का समापन 9 फरवरी को रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ हुआ। 25 जनवरी से शुरू हुए इस टूर्नामेंट में कुल 6 टीमों ने भाग लिया और पूरे आयोजन के दौरान खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
फाइनल मुकाबले में चैलेंजर टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। टीम के कप्तान दीपेश पोयाम के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल दिखाया। टीम के मालिक रोहित पोयाम रहे। वहीं सुपर स्टार टीम ने उपविजेता का स्थान हासिल किया। टीम की कमान कप्तान जितेंद्र पोयाम ने संभाली, जबकि टीम के मालिक प्रवीण पोयाम रहे।
समापन समारोह में क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अध्यक्ष भोवित पोयाम, उपाध्यक्ष चेतन बघेल, सरपंच श्रीमती रूकमणि पोयाम, उपसरपंच शंकर बघेल, वार्ड पंच श्रीमती उर्मिला पोयाम, गौतम पोयाम, रामदेव पोयाम, बिस्मबर बघेल सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।
यह टूर्नामेंट झाखरपारा, नयापारा और भिरिंदा गांव के युवाओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इस अवसर पर सरपंच श्रीमती रूकमणि पोयाम ने कहा कि ऐसे खेल आयोजनों से युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और आपसी भाईचारे की भावना मजबूत होती है। उन्होंने सफल आयोजन के लिए आयोजकों, खिलाड़ियों और सहयोगियों को बधाई दी। पूरे टूर्नामेंट के दौरान दर्शकों का उत्साह देखते ही बनता था और दूसरा सीजन पूरी तरह सफल रहा।












