CG NEWS : बालोद : छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक न्यायिक मजिस्ट्रेट को जान से मारने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। गुंडरदेही में पदस्थ प्रथम न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रशांत कुमार देवांगन को एक बंद लिफाफे में धमकी भरा पत्र मिला, जिसमें उनसे करोड़ों रुपये की फिरौती भी मांगी गई है।
CG NEWS : घटना 27 मार्च 2026 की दोपहर की है, जब न्यायालय में कामकाज के दौरान एक पोस्टमैन मजिस्ट्रेट के कार्यालय में लिफाफा देकर गया। लिफाफा खोलकर पत्र पढ़ते ही सभी हैरान रह गए। नीली स्याही से लिखे इस पत्र में मजिस्ट्रेट और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई थी।
CG NEWS : पत्र भेजने वाले ने खुद को नक्सली संगठन का सदस्य बताया है और मजिस्ट्रेट पर रिश्वत लेने, गलत फैसले देने और गरीबों के साथ अन्याय करने जैसे आरोप लगाए हैं। साथ ही 2 से 3 करोड़ रुपये की मांग करते हुए चेतावनी दी गई कि रकम नहीं देने पर उन्हें और उनके परिवार को गंभीर अंजाम भुगतना पड़ेगा।
CG NEWS : मजिस्ट्रेट ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। गुंडरदेही थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा 308 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मजिस्ट्रेट और उनके परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।











